Bihar Crime : मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े निजी बैंककर्मी से बदमाशों ने लूटे 1.30 लाख रूपये, इलाके में मचा हड़कंप
Bihar Crime : मुजफ्फरपुर में मंगलवार को दिनदहाड़े अज्ञात अपराधियों ने एक निजी बैंकिंग के कर्मी से हथियार के बल पर तकरीबन 1 लाख 30 हजार रुपये लूट लिए.....पढ़िए आगे
MUZAFFARPUR : जिले के कांटी नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या-24 स्थित कांटी थर्मल पावर प्लांट से प्रखंड चौक जाने वाले मार्ग पर मंगलवार को दिनदहाड़े बेखौफ अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। राथल मैदान के समीप अज्ञात अपराधियों ने पिस्तौल की नोक पर एक निजी बैंक कर्मी से तकरीबन 1 लाख 30 हजार रुपये नकद और उसकी बाइक लूट ली तथा आराम से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
घटना के संबंध में पीड़ित निजी बैंक कर्मी अमित कुमार ने पुलिस को आपबीती बताते हुए कहा कि वह अपने काम से जा रहे थे, तभी अचानक अज्ञात अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। अपराधियों ने उन पर पिस्तौल तान दी और जान से मारने की धमकी देकर उनके पास मौजूद करीब 1 लाख 30 हजार रुपये नकद, उनकी मोटरसाइकिल, टैब तथा अन्य जरूरी सामान लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद अपराधी सामान और बाइक लेकर तेजी से मौके से चंपत हो गए।
लूट की सूचना मिलते ही स्थानीय कांटी थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसडीपीओ (SDPO) वेस्ट-1 सुचित्रा कुमारी ने भी खुद घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने पीड़ित बैंक कर्मी अमित कुमार से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली और आसपास के इलाके में सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। घटना के बाद से ही क्षेत्र में नाकेबंदी कर अपराधियों की तलाश तेज कर दी गई है।
मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ वेस्ट-1 सुचित्रा कुमारी ने बताया कि आज अज्ञात अपराधियों द्वारा निजी बैंक कर्मी से लगभग 1.30 लाख रुपये और बाइक लूटने की घटना सामने आई है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है तथा कांटी थाना पुलिस को त्वरित कार्रवाई के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि पुलिस मामले का जल्द खुलासा करेगी और संलिप्त अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय व्यवसायियों और आम नागरिकों में भय का माहौल है। पुलिस फिलहाल आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों के भागने की दिशा और उनकी पहचान का सुराग मिल सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और बहुत जल्द लुटेरों को गिरफ्तार कर लूटी गई रकम व सामान बरामद कर लिया जाएगा।
मणिभूषण की रिपोर्ट