Bihar Crime : मुजफ्फरपुर में 'खैनी' मांगने के विवाद में बदमाशों ने अधेड़ को मारी गोली, पुलिस ने कुछ ही घंटों में तीन आरोपियों को दबोचा

Bihar Crime : मुजफ्फरपुर में 'खैनी' मांगने के विवाद में बदमा

MUZAFFARPUR : जिले के कांटी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हुई सनसनीखेज गोलीबारी की घटना का पुलिस ने महज कुछ ही घंटों के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्राथमिक जांच में जो बात सामने आई है वह चौंकाने वाली है; आरोपियों ने महज 'खैनी' मांगने को लेकर हुए विवाद में एक अधेड़ व्यक्ति के सीने में गोली दाग दी थी।

पूरी घटना रविवार अहले सुबह दामोदरपुर गांव की है। यहां के निवासी 45 वर्षीय वीरेंद्र कुमार जब अपने घर से शौच के लिए निकले थे, तभी रास्ते में एक बगीचे के पास गांव के ही कुछ नशेड़ी युवक बैठे थे। परिजनों के अनुसार, वीरेंद्र और उन युवकों के बीच खैनी को लेकर मामूली कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान आक्रोश में आकर बदमाशों ने वीरेंद्र पर फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।

लहूलुहान हालत में वीरेंद्र कुमार को मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कांटी थाना की पुलिस और वरीय अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया और साक्ष्यों के आधार पर संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी।

मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि अज्ञात बदमाशों द्वारा व्यक्ति को गोली मारे जाने की घटना को पुलिस ने चुनौती के रूप में लिया था। उन्होंने बताया कि विशेष निर्देश के बाद पुलिस टीम ने तकनीकी और मैन्युअल इंटेलिजेंस की मदद से घटना के महज कुछ ही घंटों के भीतर तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पकड़े गए आरोपियों से फिलहाल कड़ी पूछताछ की जा रही है।

एसएसपी ने पुष्टि की कि प्रारंभिक जांच और पूछताछ में विवाद की वजह 'खैनी' मांगने को लेकर हुई तकरार ही सामने आई है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार कहां से आया था। इस त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, वहीं पुलिस ने क्षेत्र में गश्त और नशा करने वालों के खिलाफ अभियान तेज करने की बात कही है।

मणिभूषण की रिपोर्ट