Bihar News : मुजफ्फरपुर में डीआईजी ने 'गोद' लिए गए सदर थाने का किया औचक निरीक्षण, कहा- 'इसे बनाएंगे मॉडल थाना'

Bihar News : तिरहुत रेंज के डीआईजी चंदन कुशवाहा ने सदर थाने को खुद गोद लिया है, जिसके तहत वे इसकी व्यवस्था सुधारने के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं। कहा की इसे मॉडल थाना बनाया जायेगा.....पढ़िए आगे

Bihar News : मुजफ्फरपुर में डीआईजी ने 'गोद' लिए गए सदर थाने
थाना का औचक निरीक्षण- फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : बिहार पुलिस मुख्यालय के कड़े दिशा-निर्देशों के बाद राज्य में थानों की लचर कार्यप्रणाली को सुधारने और पुलिसिंग को चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए वरीय अधिकारियों द्वारा अलग अलग थानों को गोद लेने की मुहिम तेजी से चल रही है। इसी कड़ी में एक बड़ा कदम उठाते हुए तिरहुत रेंज के डीआईजी चंदन कुशवाहा द्वारा आज मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना का औचक निरीक्षण किया गया।

डीआईजी ने थाने को लिया गोद

बता दें कि सदर थाने को तिरहुत रेंज के डीआईजी चंदन कुशवाहा ने खुद गोद लिया है, जिसके तहत वे इसकी व्यवस्था सुधारने के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं। जिसके बाद आज DIG चंदन कुशवाहा सदर थाने पर पहुंच SSP कांतेश कुमार मिश्रा सिटी एसपी मोहिबुल्ला अंसारी एसडीपीओ टाउन टू विनीता सिन्हा सदर थाना प्रभारी के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की जिसमें थाने के हर छोटे-बड़े कामकाज का बारीकी से निरीक्षण किया गया। डीआईजी के इस औचक निरीक्षण के दौरान सदर थाना के पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के बीच हड़कंप का माहौल व्याप्त रहा।

अपराधियों की कुंडली और गुंडा पंजी की होगी सघन जांच:

पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार, इस मैराथन समीक्षा का मुख्य उद्देश्य थाना स्तर पर हो रहे कार्यों की जमीनी हकीकत और पुलिस की सक्रियता को परखना है। तिरहुत रेंज के डीआईजी चंदन कुशवाहा के द्वारा थाने की 'गुंडा पंजी' (गुंडा रजिस्टर) की अद्यतन स्थिति की जांच की गई। इसके साथ ही, इलाके के चिह्नित अपराधियों, वारंटियों और फरार चल रहे कुख्यातों के खिलाफ पुलिस द्वारा अब तक की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। बैठक में थाने में दर्ज विभिन्न कांडों की अद्यतन रिपोर्ट, हाल के दिनों में हुए बड़े आपराधिक मामलों में पुलिस की दबिश और कांड अनुसंधान (इन्वेस्टिगेशन) की प्रगति रिपोर्ट की भी गहनता से जांच की गई। 

मुख्यालय का आदेश

वही निरीक्षण के बाद तिरहुत रेंज के डीआईजी चंदन कुशवाहा के द्वारा बताया गया कि मुख्यालय के आदेश के बाद अब सभी वरीय अधिकारी अलग-अलग थाने को गोद लेंगे और इसी कड़ी में मेरे द्वारा सदर थाने को गोद लिया गया है और आज सदर थाने का निरीक्षण किया गया है तमाम चीजों को बारीकी से देखा गया है और मेरे द्वारा गोद लिया गया सदर थाना मुजफ्फरपुर का मॉडल थाना बनेगा। 

मणिभूषण की रिपोर्ट