आक्रोश के घेरे में जदयू विधायिका कोमल सिंह, बाढ़ पीड़ितों का फूटा गुस्सा, किया सवाल -इतनी लंबी मुद्दत के बाद आम लोगों से मिलने की कैसे मिली फुर्सत....

Bihar Flood news: मुजफ्फरपुर के गायघाट विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ की त्रासदी के बीच जदयू विधायिका कोमल सिंह को उस वक्त लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा, जब वह बाढ़ पीड़ितों का हाल जानने अपने क्षेत्र में पहुंचीं।..

JDU MLA Komal Singh
आक्रोश के घेरे में जदयू विधायिका कोमल सिंह- फोटो : reporter

Bihar Flood news: मुजफ्फरपुर के गायघाट विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ की त्रासदी के बीच जदयू विधायिका कोमल सिंह को उस वक्त लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा, जब वह बाढ़ पीड़ितों का हाल जानने अपने क्षेत्र में पहुंचीं। बागमती नदी के बढ़े जलस्तर ने इलाके में तबाही का मंजर पैदा कर रखा है। कई गांवों में पानी घुसने से आम जिंदगी बेहाल है, वहीं ग्रामीण सड़कों के टूट जाने से लोगों की आवाजाही भी मुश्किल हो गई है।

इसी बीच विधायिका के इलाके में पहुंचते ही स्थानीय लोगों का सब्र जवाब दे गया। लोगों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि जब इलाके की जनता कई दिनों से सैलाब की मार झेल रही थी, तब उनकी सुध लेने कोई नहीं पहुंचा। लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर इतनी लंबी मुद्दत के बाद विधायिका को आम लोगों से मिलने की फुर्सत क्यों मिली।

बाढ़ के पानी ने ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। कई संपर्क सड़कें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, जिससे जरूरतमंद लोगों को अस्पताल, बाजार और दूसरे इलाकों तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। ऐसे हालात में राहत और मदद की उम्मीद लगाए बैठे लोगों का गुस्सा जनप्रतिनिधि के दौरे के दौरान खुलकर सामने आया।

लोगों की नाराजगी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भूमिका को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बागमती की तबाही के बीच जनता राहत, सड़क और तत्काल मदद की मांग कर रही है। विधायिका के दौरे के दौरान हुआ यह विरोध फिलहाल इलाके में सियासी चर्चा का विषय बना हुआ है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा