Bihar News:होली की रात धधका लाइन होटल, 30 लाख की संपत्ति राख, साज़िश का सनसनीखेज आरोप

Bihar News: होली की रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक लगी भीषण आग ने एक लाइन होटल पर स्थित दर्जनों दुकानों को चंद घंटों में राख कर दिया।....

Line Hotel burns to ashes on Holi night
होली की रात धधका लाइन होटल- फोटो : reporter

Bihar News: होली की रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक लगी भीषण आग ने एक लाइन होटल पर स्थित दर्जनों दुकानों को चंद घंटों में राख कर दिया। शुरुआती आकलन में 25 से 30 लाख रुपए की संपत्ति के नुकसान की बात सामने आ रही है। घटना के बाद इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।

पूरा मामला मुजफ्फरपुर जिले के बेनीबाद थाना क्षेत्र स्थित राजा लाइन होटल का है। दरभंगा–मुजफ्फरपुर फोर लेन मुख्य मार्ग पर मौजूद इस होटल परिसर में रोज़ की तरह दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए थे। होली पर्व के कारण होटल के अधिकांश स्टाफ भी छुट्टी पर थे और परिसर में केवल एक गार्ड मौजूद था।

देर रात अचानक दुकानों में आग भड़क उठी। देखते ही देखते लपटों ने दर्जनों दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेज़ थी कि आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही सामान जलकर खाक हो चुका था। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ राख हो चुका था।

होटल संचालक राजा सिंह ने सीधे तौर पर इसे साज़िश करार दिया है। उनका आरोप है कि दुकानों में आग सुनियोजित तरीके से लगाई गई है। उन्होंने बेनीबाद थाना में आवेदन देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि इतनी बड़ी आग महज़ इत्तेफाक नहीं हो सकती।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुटी है। आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी ने जानबूझकर वारदात को अंजाम दिया इसकी पड़ताल की जा रही है।

होली के जश्न के बाद यह अग्निकांड व्यापारियों के लिए भारी नुकसान और कई सवाल छोड़ गया है। अब सबकी निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि इस आग के पीछे हादसा है या कोई गहरी साज़िश।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा