Bihar Road Accident: लोजपा नेता की दर्दनाक मौत, तेज रफ़्तार का कहर, कार कई बार पलटी, दो की हालत गंभीर
Bihar Road Accident: बिहार की सियासत में शोक की लहर दौड़ गई जब सड़क हादसे में लोजपा नेता की जान चली गई।...
Bihar Road Accident: बिहार की सियासत में शोक की लहर दौड़ गई जब सड़क हादसे में लोजपा नेता की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक, लोक जनशक्ति पार्टी से जुड़े युवा नेता अमन कुमार की इलाज़ के दौरान मौत हो गई। वह बेलसर थाना क्षेत्र के जारंग रामपुर गांव, ज़िला वैशाली जिला के रहने वाले थे।
बताया जा रहा है कि रविवार की अहले सुबह अमन कुमार अपने दो दोस्तों के साथ कार से मुजफ्फरपुर की ओर रवाना हुए थे। रास्ते में तुर्की थाना क्षेत्र के सकरी चौक के पास, रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप उनकी तेज़ रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई। चश्मदीदों के मुताबिक, कार पहले डिवाइडर से ज़ोरदार टकराई और फिर कई बार पलटती चली गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इत्तिला दी। सूचना मिलते ही तुर्की थाना की पुलिस फौरन घटनास्थल पर पहुंची और कार सवार तीनों युवकों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने अमन कुमार की हालत नाज़ुक बताई, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज़ के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके दो अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हैं और जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।
इस दर्दनाक हादसे से परिवार और समर्थकों में मातम पसरा हुआ है। राजनीतिक गलियारों में भी शोक और संवेदना का माहौल है। प्रारंभिक जांच में तेज़ रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश कर रही है।
युवा नेता की यूं असमय मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं क्या तेज़ रफ्तार की यह लापरवाही थी या कोई और कारण? फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है, जबकि इलाके में ग़म और सन्नाटा पसरा हुआ है।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा