Bihar News : मुजफ्फरपुर जमीन कब्जा विवाद, LJP (R) विधायक अमित कुमार रानू पर कसा शिकंजा, अब तक 28 FIR दर्ज, 7 आरोपी हुए गिरफ्तार
Bihar News : मुजफ्फरपुर में जमीन तोड़फोड़ मामले में लोजपा विधायक अमित कुमार रानू पर एक और FIR दर्ज की गयी है. इस मामले में अब तक 7 लोग गिरफ्तार किये गए हैं......पढ़िए आगे
MUZAFFARPUR : सीतामढ़ी के बेलसंड से लोजपा (आर) के विधायक अमित कुमार रानू और उनके सहयोगियों पर मुजफ्फरपुर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। मुजफ्फरपुर के अहियापुर और ब्रह्मपुरा थानों में विधायक व उनके लोगों के खिलाफ अब तक कुल 28 प्राथमिकियां दर्ज की जा चुकी हैं, जिनमें अकेले 9 मामलों में विधायक को आरोपी बनाया गया है। हालिया एफआईआर ब्रह्मपुरा थाने में पीड़िता आशा देवी ने दर्ज कराई है, जिसमें आरोप है कि विधायक और उनके लोगों ने फर्जी कागजात तैयार कर 35 लाख रुपये देने की आड़ में उनकी जमीन अपनी मां सुधा देवी के नाम रजिस्ट्री करवा ली, जबकि पीड़िता को एक भी पैसा नहीं मिला।
20 अगस्त की घटना: जेसीबी से तोड़े गए 52 लोगों के मकान
एसडीपीओ टाउन टू विनिता सिन्हा के अनुसार, 20 अगस्त को अहियापुर के झपहां-उदनडीह में स्कॉर्पियो, थार और जेसीबी सवार 50 से अधिक आरोपियों ने 52 लोगों की चहारदीवारी और घरों को ढहा दिया था। विरोध करने पर रंगदारी मांगने, मारपीट करने और एक व्यक्ति को जेसीबी के नीचे फेंकने का प्रयास किया गया था। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जेसीबी मालिक सुबोध राय, नामजद सुमित कुमार श्रीवास्तव और सन्नी सिंह समेत कुल 7 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा है।
विधायक के कार्यालय से हथियारबंद अपराधी गिरफ्तार
जांच के दौरान मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी पुलिस की संयुक्त टीम ने बेलसंड स्थित विधायक के कोठी चौक कार्यालय पर छापेमारी कर नन्हे सिंह और कुख्यात अपराधी छोटू यादव को गिरफ्तार किया। इनके पास से एक पिस्टल, दो मैगजीन, नौ कारतूस और मोबाइल बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, छोटू यादव पर डकैती, लूट, रंगदारी और हत्या के प्रयास जैसे 7 गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
निजी आवास पर रेड: ब्लैंक स्टाम्प पेपर व दस्तावेज बरामद
न्यायालय से सर्च वारंट मिलने के बाद 23 अगस्त को मुजफ्फरपुर के बैरिया स्थित विधायक के आवास पर पुलिस ने छापेमारी की। वहां से पार्टनरशिप एग्रीमेंट, बैंक अकाउंट के दस्तावेज और 2017 का हस्ताक्षरित ब्लैंक स्टाम्प पेपर जब्त किया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस से बदसलूकी करने के आरोप में अहियापुर थाने में अलग से केस दर्ज किया गया है। इसके अलावा, कच्ची-पक्की ओपी क्षेत्र में विधायक के रिश्तेदार संतोष सिंह के घर पर उनके भाई सोनू सिंह के छिपाने और पुलिस को धमकी देने के आरोप में भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अदालत से गिरफ्तारी वारंट लेने की प्रक्रिया तेज
एसडीपीओ विनिता सिन्हा ने बताया कि विधायक अमित रानू का आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ सीतामढ़ी के रून्नीसैदपुर थाने में 2012 से रंगदारी व आपराधिक साजिश का मामला दर्ज है। पुलिस अब विधायक और उनके फरार भाई सोनू सिंह उर्फ अभिनव की गिरफ्तारी के लिए अदालत से गिरफ्तारी वारंट प्राप्त करने की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है। भू-माफियाओं के इस बड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
मणिभूषण की रिपोर्ट