Bihar love affair: टावर पर चढ़ा गुलबदन का आशिक , प्रेमिका की जिद में बना शोले फिल्म, पुलिस करती रही मिन्नतें

Bihar love affair: एक सिरफिरा आशिक मोहब्बत में ऐसा गिरफ्तार हुआ कि सीधे एयरटेल के मोबाइल टावर की चोटी पर जा विराजा।...

Lover Climbs Mobile Tower in Muzaffarpur

Bihar love affair:  मुजफ्फरपुर की पावन धरती पर एक बार फिर मुहब्बत के सरताज ने अपनी बेबसी का ऐसा प्रदर्शन किया कि पुलिस महकमा हैरान और तमाशबीन परेशान है। मुसहरी थाना क्षेत्र के मुसहरी उर्फ राधा नगर वार्ड संख्या दो में एक सिरफिरा आशिक मोहब्बत में ऐसा गिरफ्तार हुआ कि सीधे एयरटेल के मोबाइल टावर की चोटी पर जा विराजा। जनाब की जिद महज इतनी थी कि उनकी महबूबा को फौरन मौके पर बुलाया जाए, वर्ना उनका यह इश्क का इम्तिहान सीधे आसमान से जमीन की सैर पर खत्म होगा।

घटना की इत्तिला मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते तमाशबीनों का ऐसा रेला उमड़ा कि लगा कोई मेला लगा हो। पड़ोसी गांव की जिस गुलबदन से इनका दिल का रिश्ता चल रहा था, शायद उन्हें इस बात की भनक भी नहीं होगी कि उनका यह दीवाना उनके इश्क की खातिर इतना ऊंचा मुकाम हासिल कर लेगा कि उसे उतारने के लिए खाकी वर्दी के पसीने छूट जाएंगे।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तमाम जुगत भिड़ाई, मिन्नतें कीं, कसम-वादे दिलाए, मगर मोहतरमा के दीदार के बिना जनाब टावर से एक इंच भी नीचे उतरने को तैयार नहीं थे। अब सवाल यह उठता है कि क्या मोहब्बत का इजहार अब टावर पर चढ़कर ही मुमकिन है? क्या कानून और व्यवस्था की धज्जियां उड़ाकर इस तरह का तमाशा खड़ा करना किसी समझदारी की निशानी है?

यह वाकया सिर्फ एक सनकी आशिक का ड्रामा नहीं, बल्कि हमारे समाज की उस सोच का आईना है जहां जज्बात के नाम पर तमाशा करना फैशन बन गया है। पुलिस बेचारी नीचे खड़ी समझाती रही और ऊपर मजनू अपनी ही धुन में मशगूल रहे।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा