Bihar News : मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में बड़ी लूट, भागते समय अपराधियों ने की फायरिंग, एक बदमाश को दबोचा

Bihar News :मुजफ्फरपुर के दामोदरपुर स्थित 'आम्रपाली ज्वेलर्स' में दिनदहाड़े अपराधियों ने हथियार के बल पर एक बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में बड़ी
मुजफ्फरपुर में लूट - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक बड़ी और दुस्साहसिक वारदात सामने आ रही है। कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर स्थित 'आम्रपाली ज्वेलर्स' में दिनदहाड़े अपराधियों ने हथियार के बल पर एक बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। हालांकि, लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे अपराधियों में से एक को स्थानीय लोगों ने अपनी सूझबूझ और बहादुरी से दबोच लिया।

दो बाइकों पर सवार होकर आए थे चार अपराधी

बताया जा रहा है कि दामोदरपुर स्थित आम्रपाली ज्वेलर्स में आम दिनों की तरह ही कामकाज चल रहा था। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर चार नकाबपोश अपराधी दुकान के सामने रुके। अपराधी सीधे दुकान के भीतर घुस गए और हथियार चमकाते हुए सबको अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उन्होंने दुकान में रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात और नकदी को समेट लिया और फरार होने लगे।

दहशत फैलाने के लिए की ताबड़तोड़ फायरिंग

लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद जब अपराधी भागने लगे, तो स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने उनका पीछा करने की कोशिश की। खुद को घिरता देख अपराधियों ने इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी की आवाज से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई, जिसका फायदा उठाकर तीन अपराधी बाइक से भागने में सफल रहे।

स्थानीय लोगों ने एक अपराधी को रंगेहाथ दबोचा

अपराधियों की ओर से की जा रही फायरिंग के बावजूद स्थानीय लोगों ने हिम्मत नहीं हारी। भाग रहे बदमाशों में से एक को जनता ने खदेड़कर मौके पर ही रंगेहाथ पकड़ लिया। पकड़े गए अपराधी की स्थानीय लोगों ने जमकर धुनाई कर दी, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। स्थानीय लोगों की इस बहादुरी की वजह से पुलिस के हाथ इस कांड का एक बड़ा सुराग लग गया है।

मौके पर पहुंचे ग्रामीण एसपी और एसडीपीओ, एफएसएल टीम जांच में जुटी

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर के ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर और एसडीपीओ सुचित्रा कुमारी तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर पकड़े गए अपराधी से पूछताछ शुरू कर दी है। इसके साथ ही साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो दुकान के भीतर और बाहर से फिंगरप्रिंट और अन्य सबूत इकट्ठा कर रही है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार अपराधी की निशानदेही पर फरार अन्य तीन बदमाशों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मणिभूषण की रिपोर्ट