Bihar News : मुजफ्फरपुर में नाबालिग दलित लड़की से छेड़छाड़, वार्ड सदस्य पर लगा आरोप, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

Bihar News : मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव से नाबालिग दलित लड़की के साथ छेड़छाड़ का गंभीर मामला प्रकाश में आया है......पढ़िए आगे

Bihar News : मुजफ्फरपुर में नाबालिग दलित लड़की से छेड़छाड़,
दुष्कर्म की कोशिश - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव से नाबालिग दलित लड़की के साथ छेड़छाड़ का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता ने रविवार, 27 सितंबर 2026 को मनियारी थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। दर्ज शिकायत के अनुसार, यह घटना शनिवार, 26 सितंबर की रात लगभग 8 बजे घटित हुई।

पीड़िता ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वह अपने घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित पोखर के बथान पर फोन लेकर अपनी दादी से एक रिश्तेदार से बात कराने जा रही थी। उसी दौरान रास्ते में एक सुनसान जगह का फायदा उठाते हुए पड़ोसी वार्ड सदस्य ने उसे कथित तौर पर जबरन झाड़ियों की तरफ खींचने की कोशिश की और अश्लील हरकतें कीं। पीड़िता का कहना है कि उसी समय रास्ते से एक अन्य राहगीर को गुजरता देख आरोपी घबरा गया और उसे छोड़कर फरार हो गया।

घटना के तुरंत बाद पीड़िता किसी तरह वहां से भागकर अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई। पीड़िता के परिजन जब शिकायत और पूछताछ के लिए आरोपी के घर पहुंचे, तो वह वहां से फरार मिला। इस घटना के बाद रविवार को पीड़िता के परिजनों ने मनियारी थाने पहुंचकर पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता के आवेदन के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ पश्चिमी-2 अनिमेष ग्यानी ने बताया कि थाने में आवेदन प्राप्त हो चुका है और घटना का सत्यापन कराया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारी स्वयं इस पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं।

मणिभूषण की रिपोर्ट