Bihar News : मुजफ्फरपुर में 13 साल बाद मिली घर से फरार 'नाबालिग', अब चार बच्चों की मां है युवती; 'लेडी सिंघम' ने सुलझाई गुत्थी

Bihar News : मुजफ्फरपुर में 13 साल पहले फरार हुई नाबालिग अब चार बच्चों की माँ बन चुकी है. हालाँकि पुलिस ने उसे बरामद कर लिया है.......जानिए क्या है पूरा मामला

Bihar News : मुजफ्फरपुर में 13 साल बाद मिली घर से फरार 'नाबा
13 साल बाद महिला बरामद - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से पुलिस की कार्यप्रणाली और एक प्रेम प्रसंग का बेहद दिलचस्प मामला सामने आया है। कटरा थाना क्षेत्र के देवगन गांव से 13 साल पहले लापता हुई एक युवती को पुलिस ने अब बरामद किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि जिस युवती को पुलिस फाइलों में 'नाबालिग' मानकर तलाश रही थी, वह अब चार बच्चों की मां बन चुकी है।

2013 में स्कूल जाने के दौरान हुई थी गायब

घटनाक्रम की शुरुआत 11 मई 2013 को हुई थी, जब देवगन निवासी मोहम्मद अली की पुत्री गुलनाज खातून अपनी बहन के साथ स्कूल के लिए निकली थी। स्कूल से छुट्टी लेकर निकलने के बाद वह रहस्यमय ढंग से लापता हो गई। उस समय युवती की मां हरसिदा खातून ने गांव में ही रह रहे दरभंगा निवासी राकेश ठाकुर पर अपनी बेटी के अपहरण का आरोप लगाते हुए कटरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

पड़ोसी मौसेरे भाई के साथ रचाई थी शादी

13 वर्षों के बाद जब पुलिस ने युवती को बरामद किया, तो इस पूरी गुत्थी से पर्दा उठा। सूत्रों के अनुसार, गायब होने से पहले ही युवती का अपने पड़ोस में रहने वाले मौसेरे भाई अब्दुल के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह किसी और के साथ नहीं, बल्कि अब्दुल के साथ ही घर से फरार हुई थी। इन 13 वर्षों के दौरान दोनों ने शादी कर ली और अब उनके चार बच्चे भी हैं।

'लेडी सिंघम' को मिली बड़ी सफलता

साल 2013 से अब तक कई पुलिस अधिकारियों ने इस केस का अनुसंधान किया और युवती को ढूंढने की कोशिश की, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। आखिरकार कटरा थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर रानी कुमारी, जिन्हें इलाके में लोग 'लेडी सिंघम' के नाम से भी जानते हैं, ने सटीक सूचना के आधार पर दरगाह चौक से युवती को बरामद कर लिया।

कोर्ट के आदेश पर पति के साथ गई युवती

युवती की बरामदगी के बाद पुलिस ने उसे 164 के बयान दर्ज कराने के लिए मुजफ्फरपुर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट में दिए गए बयान और युवती की वर्तमान स्थिति को देखते हुए, न्यायालय के निर्देशानुसार उसे उसके पति अब्दुल के साथ भेज दिया गया। 13 साल पुराने इस मामले के सुलझने के बाद इलाके में पुलिस की इस कार्रवाई की काफी चर्चा हो रही है। 

मणिभूषण की रिपोर्ट