कुरकुरे लेने निकले 5 वर्षीय मासूम की मौत, 5 दिन बाद पोखर में मिला शव, हत्या की आशंका
पांच दिनों से लापता एक मासूम का शव पोखर से बरामद हुआ है। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। परिजनों का आरोप है कि किसी ने बच्चे की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को पोखर में फेंक दिया है।
Muzaffarpur - : मुजफ्फरपुर जिले के बेनीबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवदाहा बरेल गांव में पिछले पांच दिनों से लापता 5 वर्षीय बालक आयान का शव रविवार को बरामद कर लिया गया है। मासूम का शव उसके घर से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित मस्जिद के पास एक पोखर में तैरता हुआ पाया गया। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
दुकान जाने के दौरान हुआ था लापता
परिजनों के अनुसार, मो. ज़ुबैर का पुत्र आयान पांच दिन पहले घर के पास की एक दुकान से कुरकुरे लाने के लिए निकला था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद जब उसका पता नहीं चला, तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई थी। पांच दिनों तक चले तलाशी अभियान के बाद आखिरकार उसका शव घर के पास ही मिला।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
बच्चे का शव मिलने के बाद ग्रामीणों और पीड़ित परिवार ने हत्या की गहरी आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि किसी ने बच्चे की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को पोखर में फेंक दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि शव की स्थिति संदिग्ध है, जिसके कारण गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
FSL टीम की जांच और पुलिस की कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए बेनीबाद थाना प्रभारी साकेत सार्दुल ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है। मौके पर साक्ष्य जुटाने के लिए मुजफ्फरपुर जिले से एफएसएल (FSL) की टीम को बुलाया गया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और एफएसएल की प्रारंभिक जांच के बाद इसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा कि यह डूबने का मामला है या हत्या का। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है।
Report - manibhushan sharma