Bihar News : कांटी एनटीपीसी डैम हादसा, विधायक अजीत कुमार ने पीड़ित परिवारों को सौंपे ₹4-4 लाख के चेक, डैम पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम का दिया भरोसा
Bihar News : कांटी विधायक ने तीन बच्चों की मौत के बाद उनके परिजनों से मुलाकात की और 4-4 लाख रूपये की सरकारी मुआवजा राशि का चेक उन्हें प्रदान किया.......पढ़िए आगे
MUZAFFARPUR : जिले के कांटी थाना क्षेत्र अंतर्गत कांटी कोठिया स्थित एनटीपीसी डैम में शुक्रवार को नहाने गये तीन बच्चों के डूबने से मौत हो गई थी। शनिवार को स्थानीय विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने मृतक बच्चे दीनानाथ, आर्यव गुप्ता व आयुष कुमार के परिजनों के घर कांटी नगर परिषद क्षेत्र के पुराना चौक वार्ड 16 एवं अकुराहा गांव पहुंचकर सरकारी मुआवजा की चेक 4- 4 लाख रुपये की दिया।
इस दौरान मृतक बच्चे के परिजनों के चीख- पुकार से विधायक अजीत कुमार भी काफी भावुक दिखे। कुमार ने कहा कि यह हृदयविदारक दर्दनाक घटना काफी दुःखद व मर्माहट करने वाली है। उन्होंने कहा कि एक साथ हमारे क्षेत्र के तीन किशोर बच्चों के डूबने से मौत हो गई जिससे वे काफी दुःखी है। साथ ही यह घटना सभी के लिए काफी पीड़ादायक है।
वही, मृतक बच्चों के परिजनों ने विधायक अजीत कुमार के समक्ष कांटी कोठिया डैम पर आगे कोई इस तरह की घटना न हो। इसके लिए मुकम्मल व्यवस्था करवाने की अनुरोध किया। जिस पर कुमार ने कहा कि वे बड़ी जल्द एनटीपीसी के अधिकारियों से इस मामले पर बात कर इस मामले का जल्द से जल्द निराकरण करायेंगे। उन्होंने डैम स्थल का भी निरीक्षण करने की बात कहे।
ज्ञात हो कि विधायक अजीत कुमार ने जिलाधिकारी कुमार गौरव व कांटी सीओ मुकेश कुमार को इस घटना की जानकारी दिया था। साथ ही विधायक अजीत कुमार ने जिलाधिकारी कुमार गौरव से सभी बच्चों को तत्काल पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया था। तब जाकर पोस्टमार्टम हुआ था। इस मौके पर कांटी बीडीओ किशन चांद्रयान, सीओ मुकेश कुमार, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी स्वराज चौहान, सभापति दिलीप कुमार, उपसभापति अजय कुमार गुप्ता, जदयू नगर परिषद अध्यक्ष सह पार्षद चंदन पांडे, पार्षद प्रतिनिधि दीपक सिंह, रामनाथ गुप्ता, प्रतीक उर्फ सोमू गुप्ता, प्रोफेसर अशोक गुप्ता, राजकुमार साह उर्फ भोला, राजस्व कर्मचारी गौतम कुमार समेत कई लोगों उपस्थित थे।
नरोत्तम की रिपोर्ट