गणेश पूजा की तैयारियों का विधायक अजीत कुमार ने लिया जायजा, पहल कर एक सप्ताह से अटका लाइसेंस कराया निर्गत

गणेश पूजा की तैयारियों का विधायक अजीत कुमार ने लिया जायजा, प
गणेश पूजा की तैयारियों का विधायक अजीत कुमार ने लिया जायजा- फोटो : धीरज सिंह

Muzaffarpur : कांटी विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने सोमवार को कांटी नगर परिषद क्षेत्र के हाई स्कूल चौक स्थित नवीन नवयुवक संघ गणेश पूजा समिति द्वारा आयोजित होने वाली गणेश पूजा की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पूजा समिति के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों से बातचीत कर आयोजन से जुड़ी तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली तथा पूजा के सफल आयोजन के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।


एक सप्ताह से लंबित था लाइसेंस, एसडीपीओ से बात कर तुरंत कराया निर्गत 

निरीक्षण के दौरान पूजा समिति के सदस्यों ने विधायक को बताया कि गणेश पूजा के आयोजन से जुड़ा प्रशासनिक लाइसेंस पिछले करीब एक सप्ताह से अटका हुआ है। इस पर विधायक अजीत कुमार ने त्वरित संज्ञान लेते हुए गहरी नाराजगी जाहिर की और मौके से ही एसडीपीओ (पश्चमी-1) सुचित्रा कुमारी से दूरभाष पर बात कर तुरंत लाइसेंस निर्गत करने को कहा। विधायक के हस्तक्षेप के तुरंत बाद लंबित लाइसेंस निर्गत कर दिया गया, जिससे समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं में खुशी की लहर दौड़ गई।


बिजली विभाग के अधिकारियों को दिया अस्थाई कनेक्शन देने का निर्देश 

लाइसेंस प्राप्त होने के उपरांत पूजा समिति के सदस्यों ने पांडाल में विद्युत आपूर्ति का मुद्दा उठाया। इस पर विधायक अजीत कुमार ने तत्काल बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों से फोन पर बातचीत की और पूजा समिति को सुचारू रूप से बिजली मुहैया कराने के लिए अस्थाई कनेक्शन तुरंत जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने सुनिश्चित किया कि पूजा उत्सव के दौरान बिजली व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रहे।


शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पूजा संपन्न कराने की अपील 

स्थल निरीक्षण और अधिकारियों से बातचीत के बाद विधायक ने पूजा समिति के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे गणेश उत्सव को पूर्णतः शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहार आपसी भाईचारे के प्रतीक होते हैं, इसलिए प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए भक्तिभाव से आयोजन संपन्न कराएं।


मौके पर कई जनप्रतिनिधि और पूजा समिति के सदस्य रहे मौजूद 

इस अवसर पर पूजा समिति के अध्यक्ष सह पार्षद प्रतिनिधि शंकर प्रसाद, नगर पार्षद इनरदेव उर्फ पप्पू राम, रजनीश सिंह उर्फ फौजी, दीपक कुमार उर्फ टुन्ना, रामनाथ गुप्ता, संजय साह, भरत गुप्ता, मुन्ना पंडित, बिगन साह, विजय कुमार, महेंद्र प्रसाद, शत्रुघन भगत, शिवजी और मनीष साह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


धीरज सिंह की रिपोर्ट