विधायक ई. अजीत कुमार ने दो नए 'पंचायत सरकार भवन' का किया उद्घाटन, कहा-कांटी की प्रगति ही मेरी पहचान

विधायक ई. अजीत कुमार ने दो नए 'पंचायत सरकार भवन' का किया उद्
विधायक ई. अजीत कुमार ने दो नए 'पंचायत सरकार भवन' का किया उद्घाटन- फोटो : नरोत्तम कुमार

Muzaffarpur : कांटी विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने गुरुवार को क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देते हुए दो बड़े तोहफे दिए। उन्होंने गोदाई फुलकाहा पंचायत के 'मनपुरा' और शेरूकाही पंचायत के 'सोतिभेड़ियाही' में नवनिर्मित अत्याधुनिक पंचायत सरकार भवनों का समारोहपूर्वक उद्घाटन किया। इस खास मौके पर श्री कुमार ने दोनों नवभवनों की चाबियां और व्यवस्था स्थानीय जनता को समर्पित कीं। समारोह के दौरान ग्रामीणों ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया।


अगले 5 वर्षों में विकास के नक्शे पर सबसे ऊपर होगा कांटी: ई. अजीत कुमार

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ई. अजीत कुमार ने हुंकार भरते हुए कहा, "कांटी विधानसभा क्षेत्र की प्रगति और यहाँ का विकास ही मेरी असली पहचान है।" उन्होंने अपना विजन साझा करते हुए दावा किया कि अगले 5 वर्षों के भीतर विकास के मानचित्र पर मुजफ्फरपुर जिले में कांटी सबसे शीर्ष स्थान पर नजर आएगा। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े गरीबों और वंचितों को उनका वाजिब हक व मान-सम्मान दिलाना हमेशा से उनकी राजनीति की पहली प्राथमिकता रही है।


एक ही छत के नीचे मिलेंगे सभी सरकारी लाभ, लापरवाह कर्मियों पर होगी कार्रवाई

नवनिर्मित भवनों की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए विधायक ने कहा कि अब ग्रामीणों को जाति, आवासीय, आय प्रमाण पत्र या अन्य राजस्व कार्यों के लिए प्रखंड (ब्लॉक) मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। पंचायत सरकार भवन में एक ही छत के नीचे सभी प्रकार की डिजिटल व प्रशासनिक सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि सभी संबंधित सरकारी कर्मी अब इसी भवन में बैठकर जनता की समस्याओं का त्वरित निष्पादन करेंगे; जो भी कर्मी यहाँ बैठने में कोताही बरतेगा, उसके खिलाफ वे खुद कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करवाएंगे।


6 करोड़ की लागत से हुआ निर्माण, कर्मियों को मिलेगी आवास की भी सुविधा

तकनीकी और बजटीय जानकारी देते हुए बताया गया कि सरकार द्वारा इन दोनों भव्य और सर्वसुविधायुक्त पंचायत भवनों के निर्माण के लिए कुल 6 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि स्वीकृत की गई थी। इस भवन की रूपरेखा काफी आधुनिक है, जहाँ कार्य करने वाले प्रशासनिक कर्मचारियों और अधिकारियों के ठहरने के लिए आवासीय क्वार्टर (सुविधा) का भी निर्माण किया गया है, ताकि वे क्षेत्र में रहकर जनता की सेवा कर सकें। इसके साथ ही विधायक ने कहा कि जिन पंचायतों में अब तक यह भवन नहीं बना है, वहाँ वे प्राथमिकता के आधार पर इसे स्वीकृत कराने का प्रयास कर रहे हैं।


समारोह में भारी संख्या में जनप्रतिनिधि और प्रबुद्ध नागरिक रहे मौजूद

इस ऐतिहासिक उद्घाटन और विकास उत्सव के अवसर पर त्रिस्तरीय पंचायती राज के जनप्रतिनिधियों और स्थानीय प्रबुद्ध जनों का जमावड़ा रहा। मौके पर मुख्य रूप से मुखिया संगीता कुमारी, जनकदेव सहनी, सरपंच संजय तिवारी, पूर्व मुखिया सुदर्शन मिश्रा, पूर्व सरपंच नीरज मिश्रा, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि कौशल दुबे, बबलू ठाकुर, वार्ड सदस्य लखिन्द्र कुमार, पंच राहुल कुमार, सुबोध पासवान, सच्चिदानंद शर्मा, मुक्तेश्वर मिश्रा, ब्रजभूषण मिश्रा, सुरेश मिश्रा, लालबाबू मिश्रा, संजय ठाकुर, वीरेंद्र कुमार, बलिराम शर्मा, विकास पांडे, गुड्डू सिंह और रंजन मिश्रा समेत सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।

नरोत्तम की रिपोर्ट