Bihar News: चलती CNG कार बनी आग का गोला, धू-धू कर जली 12 लाख की नेक्सॉन

Bihar News: एक दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां अचानक एक CNG कार में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।....

moving CNG car burst into flames Nexon worth Rs 12 lakh burn
चलती CNG कार बनी आग का गोला- फोटो : reporter

Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां अचानक एक CNG कार में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह खौफनाक वाकया काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के माड़ीपुर इलाके का है। बताया जा रहा है कि टाटा नेक्सॉन CNG गाड़ी, जिसकी कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है, अचानक आग की लपटों में घिर गई और देखते ही देखते धू-धू कर पूरी तरह जल उठी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार सड़क पर सामान्य रफ्तार से चल रही थी कि तभी इंजन के हिस्से से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते चिंगारी ने भयंकर आग का रूप ले लिया। मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। कार में सवार सभी लोग किसी तरह फुर्ती दिखाते हुए बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। गनीमत रही कि सभी यात्री बाल-बाल बच गए और कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही काजी मोहम्मदपुर थाना की पुलिस फौरन मौके पर पहुंची। साथ ही अग्निशमन विभाग की टीम भी दमकल गाड़ियों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। आग इतनी भीषण थी कि उसे काबू में करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की जद्दोजहद के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह खाक हो चुकी थी।

प्राथमिक जांच में देर रात लगी इस आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस और फायर विभाग मामले की तहकीकात में जुटे हैं ताकि असल वजह का पता लगाया जा सके। इस हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग CNG गाड़ियों की सेफ्टी को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

फिलहाल, प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वाहन में किसी भी तरह की तकनीकी खराबी को नजरअंदाज न करें और नियमित जांच जरूर कराएं, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा