Bihar News: मुजफ्फरपुर में हर दिन 5 महिलाएं-युवतियां लापता! दो युवतियों से कराया जा रहा था देह व्यापार
Bihar News: मुजफ्फरपुर में महिलाओं और युवतियों की गुमशुदगी को लेकर पुलिस कप्तान कांतेश कुमार मिश्रा ने चौंकाने वाले आंकड़े सामने रखे हैं।
Bihar News: मुजफ्फरपुर में महिलाओं और युवतियों की गुमशुदगी को लेकर पुलिस कप्तान कांतेश कुमार मिश्रा ने चौंकाने वाले आंकड़े सामने रखे हैं। पुलिस के मुताबिक जिले के अलग-अलग थानों में हर महीने करीब 150 गुमशुदगी के मामले दर्ज हो रहे हैं। यानी औसतन हर दिन करीब पांच महिलाएं या युवतियां लापता होने की रिपोर्ट पुलिस तक पहुंच रही है। इस गंभीर मसले को लेकर पुलिस ने अब गुमशुदा महिलाओं और युवतियों की तलाश को प्राथमिकता में शामिल किया है।
पुलिस कप्तान ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए जिले में विशेष रणनीति तैयार की गई है। शहर के अलग-अलग इलाकों में ‘पुलिस दीदी’ की तैनाती की गई है, ताकि महिलाओं और युवतियों को सुरक्षा संबंधी मदद मिल सके। इसके साथ ही सभी थानों की पुलिस को गुम हुई महिलाओं और युवतियों की जल्द से जल्द बरामदगी का निर्देश दिया गया है।
पुलिस के अनुसार अगस्त से ‘ऑपरेशन तलाश’ चलाया जा रहा है। जनवरी से अब तक जिले के विभिन्न थानों में महिलाओं और युवतियों की गुमशुदगी के कुल 1335 मामले दर्ज किए गए। इनमें पुलिस ने 894 महिलाओं और युवतियों को बरामद कर लिया है। करीब 50 महिलाओं और युवतियों को दूसरे राज्यों से सुरक्षित बरामद कर मुजफ्फरपुर लाया गया।
जांच के दौरान एक गंभीर और परेशान करने वाला मामला भी सामने आया। पुलिस ने दो लापता युवतियों को बरामद किया, जिनसे कथित तौर पर देह व्यापार कराया जा रहा था। इस खुलासे के बाद पुलिस ने मानव तस्करी और महिलाओं के शोषण से जुड़े मामलों पर भी निगरानी बढ़ा दी है।पुलिस कप्तान ने कहा कि शहर में ब्यूटी पार्लर और मसाज पार्लर की आड़ में यदि कहीं अवैध रूप से देह व्यापार संचालित किए जाने की जानकारी मिलती है तो पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।उन्होंने अभिभावकों और युवतियों से अपील की कि किसी अनजान या अपरिचित व्यक्ति के साथ घर से बाहर जाने से बचें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि महिलाओं की सुरक्षा और गुमशुदा लोगों की बरामदगी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
रिपोर्ट-मणिभूषण शर्मा