अग्निवीर बहाली: मुजफ्फरपुर के चक्कर मैदान में कल से शुरू होगा शक्ति प्रदर्शन, 15 जिलों के 7040 युवा दिखाएंगे दम

मुजफ्फरपुर के चक्कर मैदान में कल से अग्निवीर बहाली शुरू हो रही है। 15 जिलों के 7000 से अधिक अभ्यर्थी इस रैली में हिस्सा लेंगे। पहली बार दो श्रेणियों के लिए एक ही बार देना होगा फिजिकल। देखिए पूरा शेड्यूल और तैयारी

अग्निवीर बहाली: मुजफ्फरपुर के चक्कर मैदान में कल से शुरू होग

Muzaffarpur -  मुजफ्फरपुर के ऐतिहासिक चक्कर मैदान में सेना भर्ती की तैयारियों को लेकर हलचल तेज हो गई है। मंगलवार, 17 फरवरी से शुरू होने वाली इस अग्निवीर बहाली प्रक्रिया में पहली बार मुजफ्फरपुर और दानापुर भर्ती कार्यालयों की संयुक्त रैली आयोजित की जा रही है। इस बहाली में पटना, मुजफ्फरपुर, वैशाली और चंपारण समेत कुल 15 जिलों के 7040 अभ्यर्थी अपनी शारीरिक दक्षता का परिचय देंगे। प्रशासन ने सोमवार शाम से ही अभ्यर्थियों की एंट्री और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का दावा किया है।

इस बार की बहाली प्रक्रिया में सेना ने एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है, जिससे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब दो अलग-अलग श्रेणियों (जैसे जनरल ड्यूटी और टेक्निकल) के लिए आवेदन करने वाले युवाओं को दो बार दौड़ या मेडिकल जांच से नहीं गुजरना होगा। वे एक ही फिजिकल और मेडिकल प्रक्रिया का हिस्सा बनेंगे और रैली के अंत में उनसे उनकी पसंद की श्रेणी के लिए अंतिम विकल्प पूछा जाएगा। इस नई व्यवस्था से भर्ती प्रक्रिया में तेजी और पारदर्शिता आने की उम्मीद जताई गई है।

शेड्यूल के अनुसार, बहाली की शुरुआत 17 फरवरी को पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) के युवाओं के साथ होगी। इसके बाद 18 फरवरी को दरभंगा व समस्तीपुर, 19 फरवरी को बेतिया व सीतामढ़ी और 20 फरवरी को मधुबनी, मुजफ्फरपुर व शिवहर के अभ्यर्थियों की बारी आएगी। अभ्यर्थी अग्निवीर जनरल ड्यूटी, टेक्निकल, क्लर्क/स्टोर कीपर और ट्रेड्समैन (8वीं व 10वीं पास) की श्रेणियों के लिए अपनी किस्मत आजमाएंगे। एडमिट कार्ड पहले ही जारी किए जा चुके हैं और सेना भर्ती कार्यालय ने सभी को समय पर मैदान पहुंचने के निर्देश दिए हैं।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सोमवार दोपहर बाद से ही युवाओं का चक्कर मैदान में जुटना शुरू हो गया है। रैली स्थल पर सुबह 5 बजे से ही प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। जिला प्रशासन और सेना के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से मैदान की बैरिकेडिंग, रौशनी और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया है। सेना भर्ती कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि अनुशासन और नियमों का पालन अनिवार्य होगा, ताकि 28 फरवरी तक चलने वाली इस मेगा भर्ती को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।

जिलाबहाली की तारीख
पूर्वी चंपारण (मोतिहारी)17 फरवरी
दरभंगा एवं समस्तीपुर18 फरवरी
पश्चिम चंपारण (बेतिया) एवं सीतामढ़ी19 फरवरी
मधुबनी, मुजफ्फरपुर एवं शिवहर20 फरवरी