Bihar Police: मुजफ्फरपुर में खाकी की जुबान बेलगाम! गालीबाज पुलिसकर्मी का वीडियो वायरल, पुलिसिया रवैये पर उठे संगीन सवाल
Bihar Police: बिहार पुलिस एक बार फिर अपनी कार्यशैली को लेकर सवालों के घेरे में है।
Bihar Police: बिहार पुलिस एक बार फिर अपनी कार्यशैली को लेकर सवालों के घेरे में है। इस बार मामला मुजफ्फरपुर जिले से जुड़ा है, जहां एक कथित गालीबाज पुलिसकर्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद खाकी की साख पर दाग लगते दिख रहे हैं और आम लोगों के मन में यह सवाल उठने लगा है कि क्या थाना स्तर के अधिकारियों को वरीय अफसरों के फरमान का कोई खौफ नहीं रह गया है, या फिर ये निर्देश सिर्फ कागजों और भाषणों तक ही सीमित हैं।
हालांकि इस वायरल वीडियो की पुष्टि News 4Nation नहीं करता है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक यह वीडियो मुजफ्फरपुर जिले के जजुआर थाना क्षेत्र के डुमरी गांव का बताया जा रहा है। बताया जाता है कि बीते दिनों जजुआर थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर असलम पुलिस बल के साथ किसी मामले की तहकीकात के लिए गांव पहुंचे थे। इसी दौरान जांच के क्रम में वहां खड़े एक युवक के साथ कथित तौर पर बदसलूकी की गई।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सब इंस्पेक्टर युवक को न सिर्फ भद्दी-भद्दी गालियां दे रहे हैं, बल्कि जब युवक गाली देने से मना करता है तो उसके साथ हाथापाई भी की जाती है। खाकी की यह दबंगई कैमरे में कैद हो जाती है। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल चुका है।
वीडियो के वायरल होते ही पुलिस की कार्यशैली एक बार फिर कठघरे में खड़ी हो गई है। स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि एक तरफ वरीय अधिकारी पुलिसकर्मियों को जनता से शालीन और दोस्ताना व्यवहार करने की नसीहत देते हैं, वहीं दूसरी तरफ जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। खुलेआम सड़क पर गाली-गलौज और मारपीट की तस्वीरें पुलिस सुधार के दावों की पोल खोल रही हैं।
अब सवाल यह है कि क्या इस मामले में संबंधित अधिकारी पर कोई कार्रवाई होगी या फिर यह मामला भी वायरल वीडियो की भीड़ में दबकर रह जाएगा। फिलहाल, यह वीडियो बिहार पुलिस की छवि पर एक और सियाह साया बनकर उभर आया है, जिसने पुलिसिया सिस्टम और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट- मनी भूषण शर्मा