मुजफ्फरपुर में 15 साल पुराने प्रेम प्रसंग में खूनी मोड़, ईंट-पत्थर से कूचकर प्रेमी की हत्या, प्रेमिका पूजा देवी गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर औराई थाना क्षेत्र के बेदौल ओपी अंतर्गत बेनीपुर हाल्ट के पास 35 वर्षीय अशोक राय की ईंट-पत्थर से मार-कर की गई हत्या मामले में पुलिस ने आरोपी प्रेमिका पूजा देवी को उसके मायके से गिरफ्तार कर लिया है।

Muzaffarpur Ashok Rai Murder Murder Case lover pooja devi ar
मुजफ्फरपुर में 15 साल पुराने प्रेम प्रसंग में खूनी मोड़ प्रेमिका पूजा देवी गिरफ्तार- फोटो : Reporter

मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र में प्रेमी की निर्मम हत्या करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है। बेदौल ओपी क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद मृतक अशोक राय की पत्नी नूतन देवी ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।आवेदन के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी महिला पूजा देवी को उसके मायके जनार से धर दबोचा, जबकि मामले में शामिल उसके भाई और अन्य सह-आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


घर से 500 मीटर दूर मिला 35 वर्षीय अशोक राय का शव

पूरा मामला औराई थाना क्षेत्र के बेदौल ओपी अंतर्गत बेनीपुर हाल्ट के पास का है। मंगलवार की शाम 35 वर्षीय अशोक राय अपने घर से निकला था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। बुधवार की सुबह उसका शव घर से महज 500 मीटर की दूरी पर रेलवे ट्रैक के समीप से बरामद हुआ। शव पर ईंट-पत्थर से बर्बरतापूर्वक वार किए जाने के निशान मिले थे, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।


डीएसपी ईस्ट और एफएसएल टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी ईस्ट-1 अलय वत्स खुद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बारीकी से छानबीन की। फॉरेंसिक (FSL) टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डीएसपी अलय वत्स ने पुष्टि की कि प्राथमिक जांच में प्रेम प्रसंग के चलते ईंट-पत्थर से मारकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है।


शादी के पूर्व से जारी प्रेम प्रसंग और जान से मारने की धमकी

मृतक की पत्नी नूतन देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनकी शादी 15 वर्ष पूर्व हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। पति अशोक राय का पड़ोस की महिला पूजा देवी के साथ शादी के पहले से ही प्रेम संबंध था। महिला की शादी के बाद भी दोनों का मिलना-जुलना जारी रहा। कुछ समय पूर्व जब अशोक ने पूजा से बात करना बंद कर दिया, तो उसे जान से मारने की धमकियां मिलने लगीं। पत्नी का आरोप है कि इसी रंजिश में पूजा, उसके भाई और दो अन्य लोगों ने मिलकर अशोक की हत्या कर दी।


मायके से पकड़ी गई आरोपी महिला, अन्य अभियुक्तों की तलाश जारी

पत्नी के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की धर-पकड़ शुरू की। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी पूजा देवी को उसके मायके जनार से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार महिला से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि वारदात में शामिल अन्य अपराधियों का सुराग लगाया जा सके और घटना में इस्तेमाल की गई वस्तुओं को बरामद किया जा सके।

 मुजफ्फरपुर से मणिभूषण की रिपोर्ट