नेपाल आपदा के बाद मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन अलर्ट, फिलहाल डेंजर लेवल से नीचे बह रही है गंडक नदी
नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद बिहार के कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। इसी क्रम में मुजफ्फरपुर जिले में भी नारायणी गंडक नदी से संभावित खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है.....
Muzaffarpur : नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद बिहार के कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। इसी क्रम में मुजफ्फरपुर जिले में भी नारायणी गंडक नदी से संभावित खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिले के सरैया, पारू और साहेबगंज जैसे संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है। बाढ़ की आशंका के मद्देनजर जिलाधिकारी समेत तमाम वरीय अधिकारी लगातार इन प्रभावित होने वाले इलाकों का स्थलीय दौरा कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
डेंजर लेवल से डेढ़ मीटर नीचे बह रही है गंडक नदी
नेपाल में भयावह स्थिति होने के बावजूद मुजफ्फरपुर में फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। अधिकारियों और स्थानीय निवासियों के अनुसार, गंडक नदी का जलस्तर अभी खतरे के निशान (डेंजर लेवल) से लगभग डेढ़ मीटर नीचे है। इसके बावजूद वाल्मीकिनगर बैराज से छोड़े जाने वाले पानी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरी एहतियात बरती जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
रतनपुर डीही बांध पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों का पहरा
सुरक्षा इंतजामों को पुख्ता करते हुए सरैया प्रखंड के रतनपुर डीही स्थिति बांध पर प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों की चौबीसों घंटे तैनाती की गई है। इसके साथ ही स्थानीय ग्रामीण भी स्वेच्छा से बांध की लगातार निगरानी कर रहे हैं। अधिकारी और ग्रामीण मिलकर तटबंध की सुरक्षा पर पैनी नजर रखे हुए हैं, जिससे कि किसी भी प्रकार के कटाव या रिसाव की सूचना समय रहते प्रशासन तक पहुंच सके।
पड़ोसी जिलों के अधिकारियों से लगातार साधा जा रहा संपर्क
पूरे मामले पर जानकारी देते हुए जिलाधिकारी कुमार गौरव ने बताया कि गंडक नदी में जलप्रवाह को लेकर पड़ोसी जिलों के अधिकारियों से निरंतर संपर्क साधा जा रहा है। बैराज से पानी छोड़े जाने के बावजूद जिले में नदी का प्रवाह फिलहाल सामान्य स्थिति में है। इसके बावजूद किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर दिया गया है और तटबंधीय क्षेत्रों में प्रशासनिक निगरानी बढ़ा दी गई है।
बाढ़ से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार
जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन किसी भी बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया है तथा संवेदनशील पंचायतों में आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली गई हैं। हालांकि, वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आम नागरिकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन एहतियातन सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जा रहा है।
मणिभूषण की रिपोर्ट