Muzaffarpur Festival: मुजफ्फरपुर में दीपावली-छठ पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर अलर्ट प्रशासन, DM ने रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड का किया निरीक्षण

Muzaffarpur Festival: दीपावली और छठ को लेकर मुजफ्फरपुर डीएम कुमार गौरव ने रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड का निरीक्षण किया। यात्रियों की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष तैयारी की जा रही है।

Muzaffarpur Festival

Muzaffarpur Festival:  मुजफ्फरपुर में दीपावली और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी कुमार गौरव ने शनिवार रात विभिन्न विभागों और रेलवे के अधिकारियों के साथ मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों की सुविधा, साफ-सफाई, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


डीएम ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में दूसरे शहरों में रहने वाले लोग अपने घर लौटते हैं। ऐसे में प्रशासन की कोशिश है कि बाहर से आने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलें और उनकी यात्रा सुरक्षित रहे।


रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर बढ़ेगी सुरक्षा


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था की जाए। यात्रियों की सुरक्षा के लिए अलग-अलग जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों के जरिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) से भी निगरानी की जाएगी। डीएम ने कहा कि प्रशासन यात्रियों की आवाजाही पर नजर रखेगा, ताकि किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।


छठ के बाद भीड़ संभालने के लिए बनेगी विशेष योजना


छठ पूजा समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में लोग अपने काम पर लौटते हैं। इस वजह से रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ जाती है। इसे देखते हुए प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष योजना बनाने का फैसला किया है। इसके लिए अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, यातायात पुलिस और रेलवे के अधिकारी मिलकर योजना तैयार करेंगे। रेलवे को व्यवस्था संभालने में जिला प्रशासन की ओर से जिस तरह की मदद की जरूरत होगी, वह उपलब्ध कराई जाएगी।


नशाखुरानी गिरोह पर रहेगी पुलिस की नजर


त्योहारों के दौरान यात्रियों को नशाखुरानी गिरोह से बचाने के लिए भी पुलिस ने तैयारी की है। डीएम के अनुसार, ऐसे गिरोहों की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए रात में पुलिस गश्ती बढ़ाई गई है। इसके अलावा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील जगहों पर पुलिस बल की तैनाती भी बढ़ाई जा रही है।


सभी विभागों के साथ मिलकर हो रही तैयारी


जिला प्रशासन दीपावली और छठ के मद्देनजर यातायात, सुरक्षा, सफाई और भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान दे रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले के लोग दोनों पर्व शांति और खुशी के साथ मना सकें। साथ ही, बाहर से आने वाले यात्रियों को भी सुरक्षित माहौल और जरूरी सुविधाएं मिलें।

मुजफ्फरपुर से मनीभूषण शर्मा की रिपोर्ट