Muzaffarpur Double Murder:रिटायर्ड बैंककर्मी दंपति हत्याकांड में पुलिस ने जारी किया संदिग्ध का पोस्टर, 50 हजार के इनाम का ऐलान
मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा में रिटायर्ड बैंककर्मी अशोक कुंवर और उनकी पत्नी नीलम कुंवर की नृशंस हत्या मामले में पुलिस ने सीसीटीवी और एआई की मदद से संदिग्ध का स्केच जारी किया है। फरार आरोपी की सूचना देने वाले को 50 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।
मुजफ्फरपुर जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग चौरी (वार्ड 47) में एक रिटायर्ड बैंक कर्मचारी और उनकी पत्नी की नृशंस हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बेंगलुरु में रहने वाले मृतक दंपति के बेटे निखिल कुमार ने जब 20 जुलाई की शाम माता-पिता के सभी मोबाइल फोन बंद पाए, तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तुरंत घर के सीसीटीवी कैमरे का लाइव एक्सेस चेक किया, जिसमें दो संदिग्ध युवकों की हलचल दिखाई दी। इसके बाद निखिल ने पड़ोसी को फोन कर घर भेजा, जहां पहली मंजिल पर उनके पिता अशोक कुंवर (69 वर्ष) और दूसरी मंजिल पर मां नीलम कुंवर (60 वर्ष) के क्षत-विक्षत शव मिले।
रस्सी से बांधकर बर्बरतापूर्वक हत्या, अलमारी की चाबियां व मोबाइल लेकर फरार
घटना स्थल पर पहुंची पुलिस की जांच और बेटे के फर्दबयान के अनुसार, अपराधियों ने इस हत्याकांड को बेहद क्रूर तरीके से अंजाम दिया। आरोपी नीलम कुंवर के मुंह पर सेलो टेप साटकर, हाथ-पैर प्लास्टिक की रस्सी से बांधकर और गले में गमछा कसकर चाकू से गला रेत चुके थे, वहीं अशोक कुंवर की भी बेड पर चाकू से गोदकर हत्या की गई थी। वारदात के बाद हत्यारे घर के तीनों मोबाइल फोन, गोदरेज अलमारी की चाबी और पूरे घर के चाबियों का गुच्छा लेकर फरार हो गए। इस संबंध में मिठनपुरा थाने में BNS की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुजफ्फरपुर पुलिस ने जारी किया संदिग्ध का स्केच, 50 हजार रुपये के इनाम का ऐलान
हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी मुजफ्फरपुर पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से एक मुख्य संदिग्ध आरोपी का सुराग मिला है। पुलिस ने फुटेज से प्राप्त चित्र और तकनीकी माध्यम से विकसित किए गए आरोपी के स्पष्ट स्केच को सार्वजनिक जारी किया है। मिठनपुरा थाना अंतर्गत इस दोहरे हत्याकांड में संलिप्त व फरार चल रहे इस वांछित अपराधी (WANTED) की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई है।

पहचान गुप्त रखने का आश्वासन, जिला नियंत्रण कक्ष ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
मुजफ्फरपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि संदिग्ध आरोपी के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति को इनाम की राशि दी जाएगी और उसकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। जानकारी देने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष (9431896700) और मिठनपुरा थाना (9031826766) के आधिकारिक संपर्क सूत्र जारी किए गए हैं।