5 हजार के चक्कर में शराब तस्कर बने बिहार के युवा; मुजफ्फरपुर में गिरफ्तारी के बाद कैमरे पर खोली पोल

मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग ने ऑटो से 4 सूटकेस में भरी विदेशी बियर बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्कर ने कैमरे पर महज ₹5000 के लिए तस्करी करने का गुनाह कबूला।

excise department arrests liquor smuggler with beer suitcase
5 हजार के चक्कर में शराब तस्कर बने बिहार के युवा,गिरफ्तारी के बाद कैमरे पर खोली पोल- फोटो : Reporter

बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद युवा वर्ग महज चंद रुपयों के लालच में इस अवैध धंधे के जाल में फंसता जा रहा है। मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑटो से विदेशी बियर की खेप बरामद की है। मौके से गिरफ्तार शराब तस्कर ने कैमरे के सामने अपना गुनाह कबूल करते हुए तस्करी के इस नेटवर्क की सच्चाई बयां की है। आरोपी का कहना है कि बिहार के कई युवक महज 5 हजार रुपये के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर शराब की तस्करी कर रहे हैं।


अहियापुर से मकसूदपुर तक पीछा कर उत्पाद विभाग ने पकड़ा वियर से भरा ऑटो

उत्पाद विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि अहियापुर थाना क्षेत्र के जीरो माइल पर कुछ तस्कर विदेशी शराब की खेप को ऑटो में लादकर सीतामढ़ी की तरफ ले जाने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तस्कर तब तक वहां से निकल चुके थे। इसके बाद उत्पाद विभाग की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए ऑटो का पीछा किया और रामपुर हरी थाना क्षेत्र के मकसूदपुर स्थित एक होटल-रेस्टोरेंट के पास उसे दबोच लिया। ऑटो की तलाशी लेने पर उसमें लोड 4 सूटकेसों से भारी मात्रा में बियर बरामद हुई।


बंगाल से मैठी टोल प्लाजा और फिर झाड़ियों तक: ऐसे होता था शराब का खेल

गिरफ्तार शराब तस्कर सूरज कुमार (निवासी डकरामा, हथौड़ी) ने कैमरे पर बताया कि शराब की यह खेप बंगाल से एक पिकअप के जरिए मुजफ्फरपुर के गायघाट थाना क्षेत्र स्थित मैठी टोल प्लाजा पर पहुंची थी। वहां से उसने खेप को रिसीव किया और ऑटो से जीरो माइल होते हुए हथौड़ी थाना क्षेत्र के लिए निकला था। सूरज ने कबूला कि वह इससे पहले भी कई बार तस्करी कर चुका है और प्रत्येक चक्कर के लिए उसे 5 हजार रुपये मिलते थे। मुख्य माफिया के निर्देश पर वह शराब को ले जाकर जंगल की झाड़ियों में छुपा दिया करता था।


टेंपो चालक सहित दो गिरफ्तार, उत्पाद इंस्पेक्टर ने दी मामले की जानकारी

इस छापेमारी के दौरान उत्पाद विभाग ने तस्कर सूरज कुमार के साथ-साथ ऑटो चालक अभिषेक कुमार (निवासी रामपुर हरी) को भी रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मामले की पुष्टि करते हुए उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार राम ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चार सूटकेस से बियर की खेप जब्त की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की कवायद जारी है।

रिपोर्ट - मणिभूषण