Bihar Police: होगा थानेदार तू, मेरा है दिलदार तू... गाने पर वर्दी में रील!डीजीपी का आदेश ठेंगे पर? जनता सुरक्षा मांगे, थानेदार बनाए रील!पुलिस अनुशासन पर खड़े किए गंभीर सवाल
Bihar Police: जिस वक्त अपराध का ग्राफ लगातार ऊपर चढ़ रहा है, उसी दौरान थाना के प्रभारी अपनी पत्नी और बच्चे के साथ वर्दी में रील बनाने को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं।
Bihar Police: बिहार में बढ़ते अपराध, कानून-व्यवस्था की चुनौतियों और पुलिस मुख्यालय की सख्त हिदायतों के बीच एक थाना प्रभारी का सोशल मीडिया वीडियो नया विवाद खड़ा कर गया है। जिस वक्त जिले में अपराध का ग्राफ लगातार ऊपर चढ़ रहा है, उसी दौरान गायघाट थाना के प्रभारी अपनी पत्नी और बच्चे के साथ वर्दी में रील बनाने को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे की कार्यशैली और अनुशासन पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
दरअसल, पुलिस मुख्यालय की ओर से साफ निर्देश जारी किए गए हैं कि कोई भी पुलिसकर्मी वर्दी में रील या मनोरंजनात्मक वीडियो नहीं बनाएगा। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में थाना प्रभारी फिल्मी गीत “होगा थानेदार तू, मेरा है दिलदार तू...” पर अभिनय करते नजर आए। वीडियो में वर्दी और पुलिस पद की गरिमा को लेकर भी बहस छिड़ गई है।
मामला सामने आने के बाद लोगों के बीच यह चर्चा तेज हो गई कि क्या पुलिस मुख्यालय के आदेश केवल कागजों तक सीमित हैं? क्या नियम-कानून सिर्फ निचले स्तर के कर्मचारियों के लिए हैं या फिर अधिकारियों पर भी समान रूप से लागू होते हैं? सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि जब एक आम नागरिक नियमों की अनदेखी करता है तो पुलिस तत्काल कार्रवाई करती है, लेकिन जब खुद एक थाना प्रभारी पर नियमों के उल्लंघन का आरोप लगे तो जवाबदेही कौन तय करेगा?
विडंबना यह है कि जिस थाना प्रभारी के कंधों पर पूरे थाना क्षेत्र की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी होती है, वही अगर विभागीय आदेशों की अवहेलना करते दिखाई दें तो पुलिस की साख पर असर पड़ना स्वाभाविक है। अपराध नियंत्रण और जनता की सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों के बीच इस तरह के वीडियो ने पुलिस की प्राथमिकताओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
हालांकि विवाद बढ़ने के बाद संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से वीडियो हटा दिया गया है, लेकिन मामला अब चर्चा का विषय बन चुका है। लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या विभाग इस मामले में कोई कार्रवाई करेगा या फिर यह प्रकरण भी महज चर्चा बनकर रह जाएगा। फिलहाल, वायरल रील ने वर्दी की मर्यादा, विभागीय अनुशासन और जवाबदेही को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा