Muzaffarpur Flood: मुजफ्फरपुर में बाढ़ का कहर, पुराना तटबंध टूटा; सैकड़ों घरों में घुसा पानी
Muzaffarpur Flood: मुजफ्फरपुर के पारू के जयमल डुमरी गांव में नारायणी गंडक का पुराना तटबंध टूटने से सैकड़ों घरों में पानी घुस गया। NDRF ने बाढ़ में फंसे लोगों का रेस्क्यू शुरू किया।
Muzaffarpur Flood: मुजफ्फरपुर जिले के पारू प्रखंड के जयमल डुमरी गांव में नारायणी गंडक नदी के पुराने तटबंध के टूटने से बाढ़ का पानी तेजी से आसपास के इलाकों में फैल गया। पानी की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई लोगों को घरों से निकलकर सुरक्षित जगह जाने का समय तक नहीं मिल सका। देखते ही देखते सैकड़ों घर पानी से घिर गए।
तटबंध टूटने के बाद गांव और आसपास के इलाके में अफरातफरी की स्थिति बन गई। कई लोग बाढ़ के पानी के बीच फंस गए। देर रात मौके पर पहुंची एनडीआरएफ की टीम ने पानी में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
पुराने तटबंध के टूटने से नए इलाके में फैला पानी
जानकारी के अनुसार, जयमल डुमरी गांव के पास नारायणी गंडक नदी का पुराना तटबंध टूट गया। इसके बाद नदी का पानी उन इलाकों में पहुंच गया, जहां पहले बाढ़ का पानी नहीं था। तेज बहाव के कारण आसपास के कई घर पानी की चपेट में आ गए। ग्रामीणों के अनुसार, पानी अचानक तेजी से बढ़ा, जिससे लोगों को अपना सामान लेकर घरों से निकलने का भी पर्याप्त समय नहीं मिला।
नए तटबंध पर बढ़ा पानी का दबाव
पुराना तटबंध टूटने के बाद अब नए तटबंध पर भी पानी का दबाव बढ़ने की बात सामने आ रही है। इससे आसपास के लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
NDRF की टीम ने संभाला मोर्चा
बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए एनडीआरएफ की टीम देर रात मौके पर पहुंची। टीम नाव और दूसरे जरूरी साधनों की मदद से लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में जुटी है। जिला प्रशासन और मुजफ्फरपुर पुलिस की टीम भी पूरी तरह अलर्ट है। अधिकारियों की ओर से प्रभावित इलाके की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।
मुजफ्फरपुर से मनीभूषण शर्मा की रिपोर्ट