मुजफ्फरपुर में दर्दनाक घटना:फिर आने वाला था लड़का पक्ष..रिजेक्शन के डर से 22 साल की अंशु ने फांसी लगाकर दी जान

समाज की संकीर्ण मानसिकता ने एक और बेटी की जान ले ली।मुजफ्फरपुर के गायघाट क्षेत्र के मकरंदपुर गांव में 22 साल की अंशु कुमारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली परिजनों के मुताबिक,सांवले रंग की वजह से पिछले 3 साल में 10 से ज्यादा बार उसका रिश्ता टुटा

girl commits suicide due to marriage rejection gayghat Bihar
सांवले रंग के कारण 10 बार टूटा रिश्ता, डिप्रेशन में आकर युवती ने की खुदकुशी- फोटो : Reporter

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के लिए बार-बार रिश्ता ठुकराए जाने से गहरे मानसिक तनाव में चल रही एक 22 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सांवले रंग के कारण समाज द्वारा बार-बार रिजेक्ट किए जाने से वह इस कदर डिप्रेशन में आ गई कि उसने फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।


सांवले रंग के कारण 10 से ज्यादा बार टूटा रिश्ता

मृतका की पहचान गायघाट थाना क्षेत्र के मकरंदपुर गांव निवासी पीतांबर कुमार की 22 वर्षीय पुत्री अंशु कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि अंशु के लिए पिछले तीन वर्षों से योग्य वर की तलाश की जा रही थी। इस दौरान 10 से अधिक परिवारों के लोग उसे देखने के लिए घर आए, लेकिन हर बार उसके सांवले रंग को वजह बनाकर रिश्ता तोड़ दिया गया। बार-बार मिल रही इस सामाजिक उपेक्षा के कारण अंशु भीतर ही भीतर बुरी तरह टूट चुकी थी और लगातार हीनभावना का शिकार हो रही थी।


फिर आने वाला था लड़का पक्ष, डर और तनाव में उठाया आत्मघाती कदम

परिजनों के अनुसार, बुधवार को भी एक लड़का पक्ष अंशु को देखने के लिए उनके घर आने वाला था। इस बात को लेकर अंशु मंगलवार से ही अत्यधिक मानसिक तनाव में थी। उसे गहरा डर था कि हर बार की तरह इस बार भी लोग उसके रंग के कारण उसे ठुकरा देंगे। इसी घबराहट और डिप्रेशन के चलते मंगलवार की रात वह बिना खाना खाए ही अपने कमरे में सोने चली गई। बुधवार सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो घरवालों ने खिड़की से अंदर झांका, जहां अंशु का शव पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ था।


मौके पर पहुंची पुलिस, जांच और कानूनी कार्रवाई शुरू

अंदर का खौफनाक नजारा देखते ही घर में कोहराम मच गया और परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की जानकारी तुरंत गायघाट थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर अपने कब्जे में लिया। मामले पर पूर्वी मुजफ्फरपुर के एसडीपीओ अलय वत्स ने बताया कि फंदे से लटककर युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की विधिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।