मुजफ्फरपुर में ज्वेलरी दुकान से 10 लाख की लूट, महिला को बंधक बनाकर अपराधियों ने मचाया तांडव

अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। सुस्ता स्थित 'गोल्डन हाउस' ज्वेलरी दुकान में दो बाइकों पर सवार होकर आए चार नकाबपोश अपराधियों ने हथियार के बल पर लगभग 10 लाख रुपये के जेवरात लूट लिए।

मुजफ्फरपुर में ज्वेलरी दुकान से 10 लाख की लूट, महिला को बंधक

Muzaffarpur - : जिले में बेलगाम अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सदर थाना क्षेत्र के सुस्ता का है, जहाँ 'गोल्डन हाउस' नामक ज्वेलरी दुकान में घुसकर अपराधियों ने हथियार के बल पर लगभग 10 लाख रुपये के जेवरात लूट लिए। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। 

दो बाइक पर सवार होकर आए थे चार अपराधी

प्रत्यक्षदर्शियों और प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो बाइकों पर सवार होकर कुल चार अपराधी सुस्ता स्थित दुकान पर पहुंचे। दुकान में घुसते ही अपराधियों ने हथियारों के बल पर सबको कब्जे में ले लिया। लूटपाट के दौरान ही एक महिला ग्राहक भी दुकान पर पहुंची थी, जिसे अपराधियों ने तुरंत बंधक बना लिया ताकि वह शोर न मचा सके। 

सीसीटीवी में कैद हुई अपराधियों की तस्वीर

वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। हालांकि, दुकान से निकलते समय अपराधियों की तस्वीरें पास के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई हैं। पुलिस इस फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने और उनके भागने के रूट का पता लगाने की कोशिश कर रही है। 

सदर थाना पुलिस जांच में जुटी

लूट की सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुकान मालिक और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की है। अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी गई है। प्राथमिक जांच के अनुसार लूट की राशि करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

Report - mani bhushan sharma