Muzaffarpur Kanti block: कांटी प्रखंड मुख्यालय में नए भवन का भूमि पूजन, विधायक अजीत कुमार ने किया निर्माण कार्य का शुभारंभ
Muzaffarpur Kanti block: मुजफ्फरपुर के कांटी प्रखंड मुख्यालय परिसर में 40 करोड़ की लागत से बनने वाले नए भवन का भूमि पूजन विधायक अजीत कुमार ने किया। नए भवन में सभी विभाग एक ही छत के नीचे काम करेंगे।
Muzaffarpur Kanti block: मुजफ्फरपुर जिले के कांटी ब्लॉक मुख्यालय परिसर में बनने वाले नए भवन और आवासीय परिसर का भूमि पूजन शनिवार को किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय विधायक सह पूर्व मंत्री अजीत कुमार ने नारियल फोड़कर और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया। कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चारण चंदन पांडे द्वारा कराया गया। भूमि पूजन समारोह में क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
एक ही छत के नीचे मिलेंगी सभी सेवाएं
इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए विधायक अजीत कुमार ने कहा कि कांटी प्रखंड परिसर में नया भवन बनने से सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी एक ही छत के नीचे बैठेंगे। इससे आम जनता को अपने काम के लिए अलग-अलग विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और सभी कार्य एक ही स्थान पर हो सकेंगे।
40 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा भवन
उन्होंने बताया कि कांटी प्रखंड परिसर में बनने वाले इस नए भवन और आवासीय परिसर का निर्माण करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। इस परियोजना का निर्माण कार्य प्रभाकर कंस्ट्रक्शन इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेडद्वारा किया जाएगा।
गुणवत्ता और पारदर्शिता पर दिया जोर
विधायक अजीत कुमार ने निर्माण कार्य कराने वाले संवेदक को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि भवन का निर्माण पूरी गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की समय-समय पर मॉनिटरिंग और समीक्षा भी की जाएगी। उन्होंने भवन निर्माण विभाग के सहायक इंजिनियर अयोध्या राम और जूनियर इंजिनियर अभीयंता मोनिका को भी निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आई तो जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विकास के वादों को जमीन पर उतारने की बात
विधायक अजीत कुमार ने कहा कि कांटी विधानसभा क्षेत्र की जनता से चुनाव के समय जो वादे किए गए थे, उन्हें अब जमीन पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके लिए क्षेत्र का हर व्यक्ति समान है, चाहे वह संपन्न हो या अंतिम पायदान पर खड़ा हो।
कार्यक्रम में कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस मौके पर पिंटू कुमार, आनंद कुमार विभूति, मीरा कुमारी, काजोल कुमारी, वरुण कुमार, शिवनाथ झा, डॉ. सुमित संस्कार, चौथे चरण के अध्यक्ष विनोद गुप्ता, नगर परिषद कांटी के मुख्य पार्षददिलीप कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
मुजफ्फरपुर से धीरज सिंह