मुजफ्फरपुर: विधायक अजीत कुमार के प्रयास से कोठिया डैम हादसे के पीड़ितों को एनटीपीसी ने दी सहायता राशि, सुरक्षा कार्य तेज
मुजफ्फरपुर के कांटी कोठिया डैम में तीन बच्चों की डूबने से हुई मौत के बाद विधायक अजीत कुमार की पहल पर एनटीपीसी ने पीड़ित परिवारों को 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा। भविष्य में हादसों को रोकने के लिए डैम की चौतरफा घेराबंदी का काम भी तेज
मुजफ्फरपुर के कांटी नगर परिषद क्षेत्र के कांटी कोठिया स्थित डैम में पिछले दिनों तीन बच्चों की डूबने से हुई दर्दनाक मौत के बाद स्थानीय विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार काफी शोकाकुल और चिंतित थे। इस हृदयविदारक घटना को लेकर पीड़ित परिवारों को संबल देने के लिए विधायक अजीत कुमार एनटीपीसी (NTPC) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मृतकों के घर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और विधायक की विशेष पहल पर एनटीपीसी की ओर से मानवीय आधार पर तीनों परिवारों को 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा गया।
विधायक के विशेष आग्रह पर एनटीपीसी कर्मियों ने जुटाया सहयोग
चेक सौंपने के बाद विधायक अजीत कुमार ने बताया कि इस दुखद घटना से वे अंदर तक मर्माहत थे। उनके विशेष आग्रह और मानवीय संवेदनाओं को देखते हुए एनटीपीसी के अधिकारियों और कर्मियों ने आपस में सहयोग कर यह 25-25 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराई थी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इससे पहले राज्य सरकार के स्तर से भी तीनों मृत बच्चों के आश्रितों को आपदा राहत योजना के तहत 4-4 लाख रुपये के चेक पूर्व में ही प्रदान किए जा चुके हैं।

भविष्य में हादसों को रोकने के लिए डैम की तेजी से हो रही है चौतरफा घेराबंदी
आगे इस तरह की किसी भी अनहोनी और हादसे को रोकने के लिए विधायक की पहल पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। पिछले दिनों विधायक अजीत कुमार ने एनटीपीसी के अधिकारियों के साथ खुद कोठिया डैम स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया था और सुरक्षा के मद्देनजर डैम के चारों तरफ मजबूत बैरिकेडिंग (घेराबंदी) कराने का निर्देश दिया था। विधायक ने बताया कि उनके इस विशेष निर्देश के बाद एनटीपीसी द्वारा डैम स्थल पर चौतरफा घेराबंदी का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है और यह काम काफी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

चेक वितरण के दौरान एनटीपीसी के जीएम समेत कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
चेक वितरण और निरीक्षण के इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की बड़ी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में मुख्य रूप से एनटीपीसी के जीएम उमेश कुमार, एजीएम (ऐस यूटिलाइजेशन) आनंद कुमार झा, डीजीएम (एचआर) संजीत कुमार, कांटी नगर परिषद के उपसभापति अजय कुमार गुप्ता और प्रो. अशोक गुप्ता मौजूद थे। इनके अलावा जदयू नगर अध्यक्ष सह पार्षद चंदन पांडेय, पार्षद प्रतिनिधि प्रतीक उर्फ सोमू गुप्ता, दीपक सिंह, रजनीश सिंह उर्फ फौजी समेत सैकड़ों स्थानीय ग्रामीणों ने उपस्थित रहकर पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया।