मड़वन बिजली संकट: विधायक अजीत कुमार हुए सख्त,अधिकारियों को 15 दिनों में 33 KV लाइन ठीक करने का अल्टीमेटम

कांटी विधायक ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक। 15 दिनों में 33 KV लाइन की समस्या दूर करने, 1000 पीसीसी पोल देने और फोन न उठाने वाले व लापरवाह बिजली कर्मियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। 4 घंटे से अधिक बिजली कटी तो अब सीधे JE पर गिरेगी गाज।

muzaffarpur kanti mla electricity review meeting
मड़वन की चरमराई बिजली व्यवस्था पर विधायक अजीत कुमार का बड़ा एक्शन- फोटो : Reporter

मुजफ्फरपुर जिले के कांटी विधानसभा क्षेत्र के मड़वन प्रखंड में लगातार बाधित हो रही बिजली आपूर्ति और किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली न मिलने के गंभीर मुद्दे पर स्थानीय विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में विधायक ने दोटूक लहजे में चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ, तो आक्रोशित उपभोक्ता संबंधित अधिकारियों से सीधे जवाब मांगेंगे।


33 केवी लाइन की समस्या 15 दिनों में होगी दूर, मिलेंगे 1000 पीसीसी पोल

बैठक के दौरान विधायक अजीत कुमार ने बताया कि मड़वन क्षेत्र में 33 केवी एवं 11 केवी लाइन के बार-बार होने वाले ब्रेकडाउन से आम जनता और किसान बेहद परेशान हैं। इस पर संज्ञान लेते हुए विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता पंकज राकेश ने आश्वासन दिया कि 15 दिनों के भीतर नई 33 केवी लाइन का निर्माण कर इस समस्या को हमेशा के लिए दूर कर दिया जाएगा। साथ ही, उन्होंने अगले 10 दिनों में कांटी-मड़वन क्षेत्र के लिए 1,000 नए पीसीसी पोल आवंटित करने और कृषि फीडर के निर्माण कार्य में तेजी लाने की घोषणा की।

लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर गिरेगी गाज, फोन न उठाने पर भी कड़ा रुख

बिजली विभाग के कार्यों में ढिलाई को लेकर अधीक्षण अभियंता ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने मड़वन सब-स्टेशन के सभी फीडरों के लिए अलग-अलग मानव बल की टीम गठित करने और काम में लापरवाही बरतने वाले लाइनमैन व कर्मियों को तत्काल सेवा से हटाने का आदेश दिया। इसके अलावा, यदि कोई फीडर 4 घंटे से अधिक समय तक बंद रहता है, तो संबंधित कनीय अभियंता (JE) के खिलाफ सीधे विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उपभोक्ताओं द्वारा अधिकारियों के फोन न उठाने की शिकायत पर भी उन्होंने सभी कॉल का तत्काल जवाब देने का सख्त निर्देश दिया।


विभिन्न पंचायतों में जर्जर तार और क्षतिग्रस्त पोल बदलने का मिला आश्वासन

बैठक में मड़वन प्रखंड की स्थानीय समस्याओं पर भी त्वरित निर्णय लिए गए। इसके तहत करजा फीडर के ब्रेकडाउन को कम करने के लिए मड़वन पेट्रोल पंप के समीप अतिरिक्त लाइन बनाई जाएगी। साथ ही, विभिन्न पंचायतों में क्षतिग्रस्त पोल बदलने, पासवान टोला की बिजली आपूर्ति को अगले तीन दिनों के भीतर दुरुस्त करने, जीयन राजपूत द्वार के पास 11 हजार वोल्ट की लटकती लाइन को ऊंचा कराने और पकड़ी मुस्लिम टोला में नंगे तारों की जगह सुरक्षित केबल बिछाने का पुख्ता आश्वासन अधिकारियों द्वारा दिया गया।


बैठक में विभागीय अधिकारियों संग कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में विभागीय अधिकारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे। इनमें कार्यपालक अभियंता (पश्चिमी) मो. साजिद हुसैन, सहायक अभियंता सत्यपाल, कनीय अभियंता राजीव कुमार व अविनाश कुमार शामिल थे। इनके अलावा जदयू अध्यक्ष मो. शमीम, पूर्व प्रमुख मो. मोहसीन, सुरेश सिंह, प्रेम सिंह, अनिल, मनोज सिंह, जय किसन कुमार चौहान, रमाशंकर सिंह, शिवपूजन सिंह, मुकेश ओझा, ललन कुमार, मो. फिरोज, सुधीर सिंह, अजय चौधरी, दिनेश पासवान सहित अन्य गणमान्य लोगों ने अपनी बात रखी।