Bihar Love Story: प्रेमी ने ठुकराया तो जान देने निकली रेलवे ट्रैक पहुंची प्रेमिका! आखिरी पल में पुलिस बनी फरिश्ता, फिल्मी अंदाज में बची जिंदगी

Bihar Love Story: मुजफ्फरपुर में पांच साल पुराने प्रेम संबंध का दुखद मोड़ सामने आया। सगाई के बाद दहेज मांगने और शादी से इनकार करने पर युवती रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई, जिसके बाद पुलिस ने समय रहते युवती को बचा लिया।

Bihar Love Story

Bihar Love Story: मुजफ्फरपुर में 5 साल पुराने प्रेम संबंध का एक दुखद मामला सामने आया है। आरोप है कि सगाई होने के बाद प्रेमी और उसके परिवार ने दहेज की मांग कर दी। जब मांग पूरी नहीं हुई तो शादी से इनकार कर दिया गया। इससे परेशान होकर युवती शुक्रवार को रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई। हालांकि समय रहते पुलिस को सूचना मिल गई और बड़ा हादसा टल गया।

यह घटना काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के रामदयालु रेलवे गुमटी के पास की है। जानकारी के अनुसार, युवती मनियारी थाना क्षेत्र की रहने वाली है। करीब पांच साल पहले उसकी पहचान फेसबुक के जरिए एक युवक से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और यह दोस्ती प्यार में बदल गई। लंबे समय तक दोनों ने अपने रिश्ते की जानकारी परिवार से छिपाकर रखी।

सगाई होने के बाद भी लड़के ने शादी से किया इंकार

युवती के परिवार ने जब उसकी शादी के लिए दूसरे लड़कों की तलाश शुरू की तो हर बार प्रेमी को इसकी जानकारी मिल जाती थी। आरोप है कि वह किसी न किसी तरह हर रिश्ता तुड़वा देता था। आखिर में युवती ने अपने परिवार को प्रेम संबंध के बारे में बताया और उसी युवक से शादी करने की इच्छा जताई। इसके बाद दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार हो गए। 29 जून को दोनों की सगाई भी हो गई। लेकिन आरोप है कि सगाई के बाद युवक और उसके परिवार ने दहेज की मांग शुरू कर दी। जब मांग पूरी नहीं हुई तो युवक ने शादी करने से मना कर दिया। सामाजिक स्तर पर कई बार समझौता कराने की कोशिश की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।

शादी टूटने से युवती हो गई थी डिस्टर्ब

शादी टूटने से युवती मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई। शुक्रवार को वह रामदयालु रेलवे गुमटी के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों ने उसे ट्रैक पर देखकर तुरंत डायल-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मुकर्रम अंसारी, बबली कुमारी, रौशन कुमार और विनीत कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवती को सुरक्षित ट्रैक से हटाया और उसकी जान बचा ली। इसके बाद पुलिस ने युवती को समझाया और सुरक्षित उसके परिवार के हवाले कर दिया। साथ ही परिवार को युवती की काउंसलिंग कराने की सलाह दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।