थाने के गेट पर दामाद की चप्पलों से जमकर पिटाई,पत्नी की विदाई कराने पहुंचा था ससुराल, वीडियो वायरल

मुजफ्फरपुर के मोतीपुर थाना गेट पर एक पति की उसके ससुराल वालों द्वारा चप्पलों से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। विदाई के विवाद और कोर्ट केस के बीच हुए इस हंगामे की पढ़ें पूरी रिपोर्ट

muzaffarpur motipur thana gate husband beaten by in laws
थाने के गेट पर दामाद की चप्पलों से जमकर पिटाई,पत्नी की विदाई कराने पहुंचा था ससुराल- फोटो : Reporter

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है। यहाँ मोतीपुर थाना के ठीक गेट पर एक पति की उसके ससुराल वालों ने मिलकर सरेआम चप्पलों से जमकर पिटाई कर दी। घटना के दौरान थाने के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहाँ मौजूद किसी प्रत्यक्षदर्शी ने इस पूरी वारदात का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब इंटरनेट पर जमकर सुर्खियां बटोर रहा है।


कोर्ट में चल रहा है पति-पत्नी का विवाद, विदाई कराने ससुराल पहुंचा था शख्स

जानकारी के मुताबिक, पिटाई खाने वाला पीड़ित युवक करजा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसकी शादी मुजफ्फरपुर के मोतीपुर थाना क्षेत्र के महबल की रहने वाली युवती से हुई थी। दोनों के बीच किसी बात को लेकर लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है, और यह मामला फिलहाल कोर्ट में भी लंबित है। इसी बीच, आज पति अचानक अपनी पत्नी की विदाई कराने उसके मायके (अपने ससुराल) पहुंच गया, जिसके बाद विवाद ने तूल पकड़ लिया।


'थाने में लिखकर दे दो...' कहते ही आगबबूला हुए ससुराल वाले, बीच सड़क पर काटा बवाल

ससुराल वालों ने जब अपनी बेटी को पति के साथ भेजने से साफ इनकार कर दिया, तो पति आगबबूला हो गया। उसने ससुराल वालों के सामने शर्त रख दी कि अगर वे लड़की को नहीं भेजना चाहते, तो थाने चलकर लिखित में दे दें कि अब उनका आपस में कोई रिश्ता नहीं है। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष मोतीपुर थाना के गेट पर पहुंचे। वहां बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि ससुराल वालों ने आव देखा न ताव, बीच सड़क पर ही दामाद पर चप्पलों की बौछार कर दी।


पुलिस के हस्तक्षेप के बाद भी दोनों पक्षों का केस से इनकार, बोले—'कोर्ट ही करेगा फैसला'

थाने के गेट पर एक युवक की सरेआम पिटाई की सूचना मिलते ही मोतीपुर थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों पक्षों को थाने के भीतर बुलाया और मामले में लिखित आवेदन देने को कहा। हालांकि, थाने पहुंचने के बाद दोनों ही पक्षों ने पुलिस को कोई भी लिखित शिकायत या आवेदन देने से साफ मना कर दिया। दोनों पक्षों का कहना था कि चूंकि उनका पारिवारिक विवाद पहले से ही कोर्ट में विचाराधीन है, इसलिए वे अब अदालत के फैसले का ही इंतजार करेंगे।

रिपोर्ट - मणिभूषण