Bihar News: महिला की पिटाई का वीडियो वायरल होते हीं पुलिसकर्मी पर गिरी गाज, बड़का साहेब ने किया लाइन क्लोज, कई को शो-कॉज

Bihar News: मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र में महिला की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

Muzaffarpur Police Action After Viral Kanti Woman Clash Vide
महिला की पिटाई का वीडियो वायरल होते हीं पुलिसकर्मी पर गिरी गाज- फोटो : reporter

Bihar News:  मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र में महिला की पिटाई  का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में एक युवती को महिला पुलिस पदाधिकारी जमकर पीटते नजर आ रही है।  वीडियो सामने आने के बाद मामले की वरीय स्तर पर जांच कराई गई। प्रारंभिक जांच के आधार पर कर्तव्य के दौरान अमर्यादित व्यवहार करने वाली महिला पुलिसकर्मी को पुलिस केंद्र, मुजफ्फरपुर वापस कर दिया गया है। वहीं मौके पर मौजूद अन्य पुलिस पदाधिकारियों और जवानों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

पुलिस के मुताबिक, यह पूरा मामला 2 अक्टूबर 2026 को कांटी थाने में मिले एक आवेदन से जुड़ा है। आवेदनकर्ता अभिनंदन कुमार ने शिकायत में बताया था कि उनके भाई चंदन कुमार की शादी स्थानीय ग्रामीणों की मौजूदगी में राधा कुमारी से हुई थी। आरोप था कि राधा देवी अपने पति के छोटे भाई यानी आवेदक की नरसंडा स्थित दुकान में जबरन घुसकर वहां रहने और रहने देने का दबाव बना रही थीं।

आवेदन की जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस गश्ती दल तथा डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस के अनुसार, टीम महिला को समझाने का प्रयास कर रही थी और उसे पुलिस वाहन में बैठाने की कोशिश की जा रही थी। इसी दौरान कथित तौर पर महिला पुलिस अधिकारी ने युवती की जमकर कर पिटाई कर दी। वहीं  पुलिसने आरोप लगया कि इस दौरान सरकारी कार्य में भी बाधा डाली गई।इस मामले में राधा देवी समेत 5-6 अज्ञात लोगों के खिलाफ कांटी थाना कांड संख्या 607/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिस टीम के साथ कथित हाथापाई को आधार बनाया है

मामले ने उस वक्त तूल पकड़ लिया, जब घटनास्थल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में पुलिसकर्मियों और महिला के बीच हो रही झड़प को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच कराई।

प्रारंभिक जांच में ड्यूटी के दौरान अमर्यादित व्यवहार करने वाली महिला पुलिसकर्मी को पुलिस केंद्र, मुजफ्फरपुर वापस कर दिया गया है। साथ ही मौके पर मौजूद अन्य पुलिस पदाधिकारियों और बल से स्पष्टीकरण मांगा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रतर कार्रवाई जारी है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा