मुजफ्फरपुर में हथियार के साथ 2 अपराधी गिरफ्तार, पुलिस ने नाकाम की बड़ी साजिश

मुजफ्फरपुर पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी! कटरा थाना क्षेत्र के भदई चौक से पुलिस ने अपाचे सवार दो शातिर अपराधियों को अवैध देसी पिस्टल, 2 जिंदा कारतूस और मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया है।

Criminals Arrested in Muzaffarpur Illegal Weapon Seized
मुजफ्फरपुर में हथियार के साथ 2 अपराधी गिरफ्तार,- फोटो : Reporter

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार और कारतूस के साथ दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह पूरी कार्रवाई जिले के कटरा थाना क्षेत्र में की गई है, जहाँ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक बड़ी आपराधिक घटना को होने से पहले ही टाल दिया। दरअसल, यह मामला सुबह का है जब कटरा थाना अध्यक्ष मनीष कुमार को एक गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के मुताबिक, थाना क्षेत्र के भदई चौक पर एक अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक हथियार के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे और वहाँ बैठकर अपराध की योजना बना रहे थे।


सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष मनीष कुमार और अपर थाना अध्यक्ष प्रहलाद कुमार देव तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस टीम ने चौक की घेराबंदी कर दोनों संदेही युवकों को धर दबोचा। जब पुलिस ने दोनों की तलाशी ली, तो उनके पास से एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और दो मोबाइल बरामद हुए। इसके साथ ही पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की जा रही अपाचे बाइक को भी जब्त कर लिया और दोनों को गिरफ्तार कर थाने ले आई।


पकड़े गए आरोपियों की पहचान कटरा थाना क्षेत्र के सोनपुर गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार साह और संजीत कुमार के रूप में हुई है। पूरे मामले का खुलासा करते हुए डीएसपी पूर्वी अलय वत्स ने बताया कि कटरा थाना पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली है। दोनों आरोपी किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते उनके मंसूबों को नाकाम कर दिया। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

रिपोर्ट - मणिभूषण