Bihar News : हत्याकांड के फरार आरोपी के घर पर मुजफ्फरपुर पुलिस का चला बुलडोजर, कुर्की-जब्ती की हुई कार्रवाई

Bihar News : हत्या की वारदात को अंजाम देकर गिरफ्तारी के डर से फरार चल रहे हत्या के आरोपी के घर पर मुजफ्फरपुर पुलिस ने बुलडोजर चला दिया है......पढ़िए आगे

Bihar News : हत्याकांड के फरार आरोपी के घर पर मुजफ्फरपुर पुल
आरोपी के घर चला बुलडोजर - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजी बुजुर्ग गांव में एक चर्चित हत्याकांड के आरोपी के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। आरोपी इंद्रजीत मुखिया और दीपा देवी पर अपने ही पड़ोसी की हत्या करने का संगीन आरोप है। घटना के बाद से ही दोनों आरोपी गिरफ्तारी के डर से लगातार फरार चल रहे थे, जिसकी वजह से पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी।

न्यायालय के आदेश पर निर्गत हुआ था कुर्की-जब्ती का वारंट

बरियारपुर थाने में इस मामले को लेकर कांड संख्या 158/23 दर्ज किया गया था। लंबे समय तक आरोपियों के सरेंडर न करने और पुलिस की पकड़ से बाहर रहने के कारण न्यायालय की ओर से उनके खिलाफ कुर्की-जब्ती का वारंट निर्गत किया गया। अदालत के कड़े निर्देश के बाद पुलिस प्रशासन ने आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू की।

भारी पुलिस बल के साथ बुलडोजर लेकर पहुंची बरियारपुर पुलिस

न्यायालय का आदेश मिलते ही बरियारपुर थाने की सब इंस्पेक्टर सनोवर प्रवीण भारी संख्या में पुलिस बल के साथ बुलडोजर लेकर आरोपी के घर पहुंचीं। पुलिस टीम ने गांव में पहुंचकर आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाया और संपत्ति की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई को देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

एसडीपीओ ईस्ट-2 मनोज कुमार सिंह ने दी मामले की जानकारी

मामले की पुष्टि करते हुए एसडीपीओ ईस्ट-2 मनोज कुमार सिंह ने बताया कि वर्ष 2023 में बाजी बुजुर्ग गांव में एक व्यक्ति की हत्या हुई थी, जिसमें इंद्रजीत मुखिया और दीपा देवी नामजद आरोपी हैं। वे 2023 से ही फरार चल रहे थे। अदालत से जारी कुर्की वारंट के तामीला के तहत आज पुलिस टीम ने उनके घर पहुंचकर कुर्की-जब्ती की पूरी कानूनी प्रक्रिया संपन्न की।

अपराधियों को कड़ा संदेश, बख्शे नहीं जाएंगे फरार आरोपी

मुजफ्फरपुर पुलिस द्वारा आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने और कुर्की करने की इस कार्रवाई से जिले के अन्य फरार अपराधियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध करने के बाद कानून से बचना नामुमकिन है। यदि आरोपी पुलिस के सामने आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ इसी तरह की कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मणिभूषण की रिपोर्ट