Bihar Crime : मुजफ्फरपुर पुलिस ने शराब तस्करों के सिंडिकेट पर कसा शिकंजा, ट्रक सहित आधा दर्जन लग्जरी वाहन किया जब्त,
Bihar Crime : मुजफ्फरपुर पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से अनलोड हो रहे विदेशी शराब की बड़ी खेप के साथ-साथ तकरीबन आधा दर्जन वाहनों को जप्त किया है....पढ़िए आगे
MUZAFFARPUR : बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को धता बताकर तस्करी करने वाले माफियाओं के खिलाफ मुजफ्फरपुर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप बरामद की है। इस कार्रवाई की सबसे खास बात यह रही कि शराब की तस्करी और सप्लाई के लिए इस्तेमाल की जा रही 'महिंद्रा थार' जैसी लग्जरी गाड़ी, एक पिकअप और एक बड़े ट्रक समेत लगभग आधा दर्जन वाहनों को पुलिस ने मौके से जब्त किया है। फिलहाल पुलिस बरामद शराब की बोतलों की गिनती और मिलान करने में जुटी है।
ट्रक से लग्जरी गाड़ियों में भरी जा रही थी शराब, एसएसपी के निर्देश पर घेराबंदी
पूरा मामला हथौड़ी थाना क्षेत्र के भदई चौड़ इलाके का है। मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा को गुप्त सूचना मिली थी कि भदई चौड़ में एक बड़े ट्रक से विदेशी शराब की भारी खेप उतारी जा रही है। तस्कर इस शराब को थार जैसी लग्जरी गाड़ियों और अन्य छोटे वाहनों में लोड कर अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करने की फिराक में हैं। सूचना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी ने तुरंत हथौड़ी थाना प्रभारी सत्यनारायण शर्मा को पूरी तैयारी के साथ छापेमारी का आदेश दिया। निर्देश मिलते ही थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ भदई चौड़ को चारों तरफ से घेर लिया।
अंधेरे का फायदा उठाकर भागे शराब माफिया, मौके पर गाड़ियां छोड़ हुए फरार
हथौड़ी थाना पुलिस की टीम जैसे ही तस्करों के ठिकाने पर पहुँची, दूर से ही पुलिस वाहनों की आहट पाकर शराब तस्कर सतर्क हो गए। भदई चौड़ के सुनसान इलाके और घने अंधेरे का फायदा उठाते हुए सभी शराब कारोबारी पुलिस को चकमा देकर मौके से भागने में सफल रहे। हालांकि, हड़बड़ाहट में वे शराब से लदा ट्रक और अनलोडिंग के लिए खड़ी गाड़ियां वहीं छोड़ गए। पुलिस ने जब मौके की तलाशी ली, तो पाया कि ट्रक से शराब के कार्टन उतारकर अन्य गाड़ियों में भरे जा रहे थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक, पिकअप और थार समेत कुल आधा दर्जन वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया।
गाड़ियों के नंबर से होगी तस्करों की पहचान, जल्द भेजे जाएंगे जेल: एसएसपी
इस बड़ी कामयाबी को लेकर मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस को हथौड़ी थाना क्षेत्र में शराब की बड़ी खेप आने की पुख्ता जानकारी मिली थी, जिसपर त्वरित एक्शन लिया गया। उन्होंने कहा कि भले ही कारोबारी अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे हों, लेकिन मौके से जब्त की गई गाड़ियों के चेसिस नंबर, इंजन नंबर और रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मुख्य शराब माफियाओं और वाहन मालिकों को चिन्हित किया जा रहा है। एसएसपी ने सख्त लहजे में कहा कि इस सिंडिकेट से जुड़े सभी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
मणिभूषण की रिपोर्ट