Bihar News : महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक्शन में मुजफ्फरपुर पुलिस: SSP कांतेश कुमार मिश्रा ने अधिकारियों संग की हाई लेवल मीटिंग, बनेगी विशेष रणनीति

Bihar News : मुजफ्फरपुर के पुलिस कप्तान कांतेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में जिले के तमाम पुलिस पदाधिकारी के साथ महिला सुरक्षा को लेकर एक हाई लेवल मीटिंग की गई है......पढ़िए आगे

Bihar News : महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक्शन में मुजफ्फरपुर
महिला सुरक्षा को लेकर बैठक - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : हाल के दिनों में बिहार के जमुई, समस्तीपुर, लखीसराय, मधेपुरा और मुजफ्फरपुर सहित कई जिलों में महिलाओं के साथ हुई घटनाओं के बाद पुलिस मुख्यालय पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है. मुख्यालय की ओर से राज्य के सभी जिलों के पुलिस कप्तानों को महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और एक मजबूत रणनीति तैयार करने का सख्त निर्देश जारी किया गया है, ताकि महिलाएं व छात्राएं बिना किसी डर के निर्भीक होकर आवाजाही कर सकें.

मुजफ्फरपुर में देर शाम जुटी पुलिस महकमे की हाई लेवल बैठक

मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों के आलोक में गुरुवार की देर शाम मुजफ्फरपुर के पुलिस कप्तान कांतेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण हाई लेवल मीटिंग आयोजित की गई. इस बैठक में ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर, सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी सहित जिले के तमाम डीएसपी, सर्किल इंस्पेक्टर, थानाध्यक्ष और विशेष रूप से तैनात 'पुलिस दीदी' की टीम भी शामिल हुई.

स्कूल, कॉलेज और मॉल के पास मुस्तैद रहेगी पुलिस

बैठक के दौरान जिले के ऐसे प्रमुख स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां महिलाओं, युवतियों और छात्राओं की सबसे अधिक आवाजाही और भीड़भाड़ रहती है. एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि सभी प्रमुख स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और मॉल के आसपास पुलिस बल की विशेष तैनाती की जाएगी. इसके अलावा क्षेत्र में 'पुलिस दीदी' और स्थानीय थाना पुलिस आपस में बेहतर तालमेल बिठाकर लगातार गश्त और भ्रमण करेंगी.

डीएसपी रैंक के अधिकारी करेंगे गश्त की निगरानी

महिला सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस गश्त को चौबीसों घंटे अलर्ट मोड पर रखने का निर्देश दिया गया है. गश्ती टीमों की कार्यप्रणाली और उनकी उपस्थिति की नियमित निगरानी अब सीधे डीएसपी रैंक के अधिकारी करेंगे. समय-समय पर जिले के वरीय अधिकारी भी सड़कों पर निकलकर सुरक्षा व्यवस्था, गश्त और महिला सुरक्षा के इंतजामों का धरातल पर जायजा लेंगे.

असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने का स्पष्ट निर्देश

एसएसपी ने सभी थानाध्यक्षों को सख्त निर्देश दिया है कि मनचलों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत तुरंत कार्रवाई की जाए. सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मुजफ्फरपुर पुलिस का उद्देश्य है कि जिले में महिलाओं के लिए एक पूर्णतः सुरक्षित, पारदर्शी और विश्वास योग्य माहौल तैयार किया जा सके.

मणिभूषण की रिपोर्ट