Bihar News : होली से पहले मुजफ्फरपुर पुलिस ने शराब की बड़ी खेप किया बरामद, भाग रहे पिकअप चालक को किया गिरफ्तार

Bihar News : होली से पहले मुजफ्फरपुर पुलिस ने शराब की बड़ी खे

MUZAFFARPUR : होली के त्योहार पर शराब खपाने की फिराक में जुटे शराब माफियाओं के मंसूबों पर मुजफ्फरपुर पुलिस ने पानी फेर दिया है। जिले की मनियारी थाना पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब की एक बड़ी खेप बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने शराब लदी एक पिकअप को जप्त किया और मौके से चालक को भी दबोच लिया है।

कब्रिस्तान के पास घेराबंदी कर दबोचा

मनियारी थाना प्रभारी जे.पी. गुप्ता को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब माफिया एक पिकअप पर विदेशी शराब लादकर मुरारपुर के रास्ते वैशाली की ओर ले जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने तुरंत गश्ती दल को अलर्ट किया और खुद मुरारपुर कब्रिस्तान के पास मोर्चा संभाल लिया। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप आती दिखी। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी भगाकर भागने की कोशिश की, जिससे पुलिस का शक यकीन में बदल गया।

पीछा कर पकड़ी गई शराब की खेप

अलर्ट मोड में खड़ी पुलिस टीम ने भाग रहे पिकअप का पीछा कर उसे घेर लिया। जब पिकअप की सघन तलाशी ली गई, तो उसके भीतर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल शराब और पिकअप को जप्त कर लिया और चालक को हिरासत में ले लिया। फिलहाल जप्त की गई शराब की बोतलों की गिनती और मिलान का काम जारी है।

माफियाओं को चिन्हित करने में जुटी पुलिस

मनियारी थाना पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार चालक से कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि इस धंधे के पीछे मुख्य शराब तस्करों का पता लगाया जा सके। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि शराब कहाँ से लाई गई थी और इसे वैशाली में कहाँ पहुँचाया जाना था। अधिकारियों का कहना है कि होली को देखते हुए उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।

मणिभूषण की रिपोर्ट