Muzaffarpur Crime: मुजफ्फरपुर में SSP की अहम बैठक, लंबित मामलों के उद्भेदन और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने पर जोर

Muzaffarpur Crime: मुजफ्फरपुर में एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में पुलिस अधिकारियों की बैठक हुई। अपराध की समीक्षा, लंबित मामलों के उद्भेदन और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने को लेकर निर्देश दिए गए।

Muzaffarpur Crime

Muzaffarpur Crime: मुजफ्फरपुर में बढ़ते अपराध पर नियंत्रण और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस अधिकारियों की अहम बैठक हुई। पुलिस कप्तान कांतेश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में अगस्त महीने के दौरान सामने आए आपराधिक मामलों, उनके उद्भेदन और लंबित मामलों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। इसके साथ ही अलग-अलग थानों में दर्ज मामलों के निष्पादन को लेकर भी अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।


जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बैठक में रहे मौजूद


बैठक में टीएसपी मोहिबुल्लाह अंसारी, ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर, टाउन-1 एसडीपीओ सुरेश कुमार, टाउन-2 एसडीपीओ विनीता सिन्हा, ईस्ट-1 एसडीपीओ अलय वत्स, ईस्ट-2 एसडीपीओ मनोज कुमार सिंह, वेस्ट-1 एसडीपीओ सुचित्रा कुमारी और वेस्ट-2 एसडीपीओ अनिमेश चंद्र ज्ञानी समेत जिले के तमाम इंस्पेक्टर और थाना अध्यक्ष मौजूद रहे। बैठक के दौरान अगस्त महीने में हुई आपराधिक घटनाओं की एक-एक कर समीक्षा की गई। अधिकारियों से यह जानकारी ली गई कि किन मामलों में पुलिस को सफलता मिली है और कौन से मामले अभी जांच के स्तर पर हैं।


पुराने लंबित मामलों पर भी पुलिस कप्तान की नजर


बैठक में सिर्फ अगस्त में दर्ज मामलों पर ही चर्चा नहीं हुई, बल्कि पिछले समय से लंबित आपराधिक घटनाओं के उद्भेदन की स्थिति भी देखी गई। जिन मामलों में अब तक अपराधियों की पहचान या गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, उन्हें जल्द सुलझाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया। इसके अलावा विभिन्न थानों में दर्ज कांडों के निष्पादन, आरोपियों के खिलाफ इश्तेहार जारी करने और कुर्की-जब्ती जैसी कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। पुलिस कप्तान ने अधिकारियों से लंबित मामलों में तेजी लाने को कहा।


अवैध पार्किंग और सड़क पर खड़े वाहनों पर होगी कार्रवाई


बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रमुख मुद्दा रही। शहर के अंदर और राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क किनारे अवैध तरीके से वाहन खड़े करने और ऑटो की बेतरतीब पार्किंग से होने वाली परेशानी पर चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने तय किया कि यातायात को सुचारू रखने के लिए अवैध पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। सड़कों पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों और यातायात में बाधा डालने वाले ऑटो चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


अगस्त में काम की पुलिस कप्तान ने की सराहना


समीक्षा के दौरान पुलिस कप्तान कांतेश कुमार मिश्रा ने अगस्त महीने में हुए मामलों के निष्पादन पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि श्रावण मास के दौरान जिले के सभी पुलिस अधिकारी कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर काफी व्यस्त रहे। इसके बावजूद जिस तरह से मामलों का निष्पादन किया गया, वह सराहनीय है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सितंबर महीने में पुलिस का प्रदर्शन इससे भी बेहतर होना चाहिए। अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के उद्भेदन और यातायात व्यवस्था में सुधार को लेकर लगातार काम करने पर जोर दिया गया।


मुजफ्फरपुर से मनीभूषण की रिपोर्ट