Bihar Crime News : मुजफ्फरपुर पुलिस ने 70 लाख से अधिक का विदेशी शराब किया बरामद, शराब तस्करों में मचा हड़कंप

Bihar Crime News : मुजफ्फरपुर पुलिस ने एक घर से करीब 70 लाख रुपये मूल्य की अवैध विदेशी शराब का भारी जखीरा बरामद किया है.....पढ़िए आगे

Bihar Crime News : मुजफ्फरपुर पुलिस ने 70 लाख से अधिक का विद
70 लाख का शराब बरामद - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद दूसरे राज्यों से शराब की खेप मंगाकर तस्करी करने वाले सिंडिकेट के खिलाफ मुजफ्फरपुर उत्पाद विभाग की टीम ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। उत्पाद विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर ग्रामीण इलाके में दबिश देकर एक घर से करीब 70 लाख रुपये मूल्य की अवैध विदेशी शराब का भारी जखीरा बरामद किया है। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही मुख्य शराब कारोबारी मौके से भागने में सफल रहा, जिसकी पहचान कर विभाग ने उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी शुरू कर दी है।

यह पूरी कार्रवाई जिले के पारू थाना क्षेत्र के रामपुर मलाही गांव में अंजाम दी गई। उत्पाद विभाग को पुख्ता जानकारी मिली थी कि गांव के निवासी दीपक कुमार दास के घर में भारी मात्रा में विदेशी शराब का अवैध भंडारण किया गया है। सूचना के सत्यापन के बाद उत्पाद इंस्पेक्टर दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार और नीरज कुमार की एक संयुक्त विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने चिन्हित ठिकाने पर अचानक घेराबंदी कर धावा बोल दिया।

जब टीम ने दीपक कुमार दास के घर की तलाशी ली, तो अधिकारी भी हैरान रह गए। एक छोटे से ग्रामीण घर के भीतर पंजाब निर्मित विदेशी शराब की 680 से अधिक पेटियां (कार्टन) ठंस-ठंस कर छिपाई गई थीं। उत्पाद विभाग ने मुस्तैदी दिखाते हुए शराब के इस पूरे जखीरे को तत्काल जब्त कर लिया। बाजार में इस बरामद शराब की अनुमानित कीमत 70 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। छापेमारी के दौरान आरोपी कारोबारी घर छोड़कर फरार हो गया, जिसके खिलाफ मद्यनिषेध कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

मुजफ्फरपुर उत्पाद विभाग इन दिनों शराब माफियाओं के खिलाफ बेहद आक्रामक अभियान चला रहा है। गौर करने वाली बात यह है कि इस बड़ी जब्ती से ठीक एक दिन पहले ही विभाग की टीम ने जिले में एक नकली शराब बनाने वाली अवैध मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। लगातार दूसरे दिन 70 लाख की खेप पकड़कर उत्पाद विभाग ने शराब सिंडिकेट की कमर तोड़ दी है। स्थानीय स्तर पर हो रही इन बैक-टू-बैक कार्रवाइयों से अवैध धंधेबाजों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।

दीपक कुमार सिंह, उत्पाद इंस्पेक्टर ने कहा की "गुप्त सूचना के आधार पर पारू के रामपुर मलाही गांव से पंजाब निर्मित विदेशी शराब के 680 कार्टन जब्त किए गए हैं। फरार आरोपी दीपक कुमार दास की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। अब विभाग इस पूरे रैकेट के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक्स खंगाल रहा है ताकि यह पता चल सके कि पंजाब से यह खेप मुजफ्फरपुर तक कैसे पहुंची और इसे स्थानीय स्तर पर किन-किन अन्य डीलरों को सप्लाई किया जाना था।" इस बड़ी कामयाबी के बाद पुलिस और उत्पाद विभाग की टीमें एनएच (NH) और ग्रामीण रूटों पर अपनी गश्त और खुफिया नेटवर्क को और अधिक सक्रिय कर चुकी हैं ताकि सीमा पार से होने वाली ऐसी बड़ी तस्करी को पूरी तरह रोका जा सके।

मणिभूषण की रिपोर्ट