Muzaffarpur fake cigarette: सिगरेट पीते हैं तो हो जाएं सावधान! मुजफ्फरपुर पुलिस की छापेमारी में 12 लाख रुपये से अधिक की नकली सिगरेट जब्त

Muzaffarpur fake cigarette: मुजफ्फरपुर के तुर्की थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी नकली सिगरेट फैक्ट्री का खुलासा किया है। फैक्ट्री में नामी कंपनियों के नाम से नकली सिगरेट बनाई जा रही थी।

Muzaffarpur fake cigarette

Muzaffarpur fake cigarette: मुजफ्फरपुर जिले के तुर्की थाना क्षेत्र के लूक्की नंदलालपुर के एक सुनसान इलाके में चल रही बड़ी नकली सिगरेट फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। यहां पर नामी कंपनियों के नाम का इस्तेमाल करके नकली सिगरेट बनाई जा रही थी। पुलिस को सूचना मिलने के बाद छापेमारी की गई, जिसमें फैक्ट्री के अंदर बड़े पैमाने पर नकली सिगरेट बनाने का काम चल रहा था।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने पाया कि दूसरे ब्रांड के नाम और पैकिंग का इस्तेमाल कर सिगरेट तैयार की जा रही थी। पुलिस ने मौके से लगभग 12 लाख रुपये मूल्य की पहले से पैक की गई नकली सिगरेट बरामद की है। कार्रवाई के दौरान तुर्की थानाध्यक्ष पंकज कुमार के साथ संबंधित कंपनी के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।

पुलिस ने फैक्ट्री को सील कर दिया

इस मामले पर एसडीपीओ पश्चिमी-2 एसी ज्ञानी ने बताया कि इलाके में एक बड़ी फैक्ट्री बनाकर नकली सिगरेट तैयार की जा रही थी। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि यहां काफी बड़े स्तर पर अवैध कारोबार चलाया जा रहा था। पुलिस ने फैक्ट्री को सील कर दिया है और मौके से सिगरेट बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के साथ तैयार नकली सिगरेट भी जब्त कर ली है। अब पुलिस फैक्ट्री के संचालकों और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

मुजफ्फरपुर मनीभूषण शर्मा की रिपोर्ट