Bihar Student Protest:मुजफ्फरपुर में छात्र आंदोलन पर पुलिस की सख्ती, सरकारी संपत्ति तोड़ी तो होगी कार्रवाई, पहचान बताने वाले को मिलेगा 10 हजार इनाम

Bihar Student Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू हुआ छात्र आंदोलन अब बिहार के कई जिलों के साथ-साथ मुजफ्फरपुर भी पहुंच गया है।...

Muzaffarpur Police Warns Students Over Damage to Public Prop
छात्र आंदोलन पर पुलिस की सख्ती- फोटो : reporter

Bihar Student Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू हुआ छात्र आंदोलन अब बिहार के कई जिलों के साथ-साथ मुजफ्फरपुर भी पहुंच गया है। छात्रों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। वहीं, आंदोलन के दौरान सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक  कांतेश कुमार मिश्रा ने साफ कहा है कि छात्रों को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है, लेकिन अगर किसी ने प्रदर्शन के नाम पर सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।एसएसपी ने मुजफ्फरपुर पुलिस के आधिकारिक फेसबुक पेज पर लाइव आकर कहा कि आंदोलन लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन कानून हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि तोड़फोड़ करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। एसएसपी ने कहा कि अगर आंदोलन के दौरान कोई व्यक्ति सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाता है तो उसकी जानकारी पुलिस को दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इसके साथ ही पुलिस ने घोषणा की है कि ऐसे उपद्रवियों की पहचान कराने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।

दरअसल, छात्रों के संभावित प्रदर्शन को देखते हुए मुजफ्फरपुर प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर रखी थी। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर मजिस्ट्रेट और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी।इसके बावजूद छात्रों के आक्रोश मार्च के दौरान शाम के समय समाहरणालय गेट के पास सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। इसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रित किया।

एसएसपी ने आंदोलनकारी छात्रों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी तरह की हिंसा या तोड़फोड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अदालत की प्रक्रिया लंबी होती है, इसलिए छात्र किसी भी ऐसे कदम से बचें, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो।फिलहाल मुजफ्फरपुर पुलिस छात्र आंदोलन को देखते हुए पूरी सतर्कता बरत रही है। शहर के संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैयार रखा गया है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा