पूर्व हेडमास्टर के ट्रांसफर के बाद 'शुद्धिकरण' का मामला: मुजफ्फरपुर में प्रधानाध्यापक सस्पेंड

मुजफ्फरपुर में शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई,मुरौल प्रखंड के राजकीयकृत शिवनंदन उच्च माध्यमिक विद्यालय के हेडमास्टर ज्ञान प्रकाश को कार्यालय का कथित 'शुद्धिकरण' करने का वीडियो वायरल होने के बाद डीईओ ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

Muzaffarpur school headmaster suspended
मुजफ्फरपुर के शिवनंदन स्कूल के हेडमास्टर निलंबित, कार्यालय के शुद्धिकरण का वीडियो हुआ था वायरल- फोटो : Reporter

मुजफ्फरपुर जिले के एक सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक (हेडमास्टर) द्वारा अपने ही कार्यालय का कथित रूप से शुद्धिकरण किए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आते ही शिक्षा विभाग ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया है। विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित हेडमास्टर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और उनसे पूरे मामले पर लिखित स्पष्टीकरण की मांग की है।


मुरौल प्रखंड के राजकीयकृत शिवनंदन उच्च माध्यमिक विद्यालय की घटना

यह पूरा मामला मुजफ्फरपुर जिले के मुरौल प्रखंड स्थित राजकीयकृत शिवनंदन उच्च माध्यमिक विद्यालय का है। यहाँ कार्यरत हेडमास्टर ज्ञान प्रकाश द्वारा कार्यालय का शुद्धिकरण किए जाने का वीडियो किसी व्यक्ति ने बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया था। हालांकि, यह वीडियो किस तारीख का है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन शिक्षा विभाग को 4 सितंबर को इस वीडियो की जानकारी मिली।


पूर्व हेडमास्टर के ट्रांसफर से जुड़ा है मामला

स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस स्कूल में ज्ञान प्रकाश से पहले एक हेडमास्टर पदस्थापित थे। उनका तबादला होने के बाद जब नए हेडमास्टर ज्ञान प्रकाश ने कार्यभार संभाला, तब कथित तौर पर कार्यालय का शुद्धिकरण कराया जा रहा था। इसी दौरान किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब इंटरनेट पर वायरल हो रहा है और इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।


डीईओ की सख्त कार्रवाई: अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबन और विभागीय जांच

मामला संज्ञान में आते ही मुजफ्फरपुर के जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) अरविंद सिन्हा ने तुरंत कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने हेडमास्टर ज्ञान प्रकाश के इस आचरण को अनुशासनहीनता और अपने कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही मानते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। डीईओ ने बताया कि आरोपी हेडमास्टर से जवाब तलब किया गया है और मामले में आगे की विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

मुजफ्फरपुर से मणिभूषण की रिपोर्ट