मुजफ्फरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मेले से गायब बच्ची को ढूंढने निकली पुलिस, पटना से मुजफ्फरपुर तक फैले सेक्स रैकेट का किया पर्दाफाश
मुजफ्फरपुर पुलिस ने 6 महीने पहले मेले से गायब हुई नाबालिग बच्ची को सुरक्षित रेस्क्यू कर अंतरजिला देह व्यापार गिरोह का पर्दाफाश किया है। पटना और मुजफ्फरपुर में छापेमारी कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
मुजफ्फरपुर पुलिस ने मासूम बच्चियों और महिलाओं को गुमराह कर देह व्यापार के दलदल में धकेलने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में गिरोह के 7 सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, वहीं 2 नाबालिग बच्चियों को उनके चंगुल से सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि गिरोह के सदस्यों द्वारा इस अवैध धंधे से कमाई गई संपत्ति को भी जल्द ही जप्त किया जाएगा।
मेले से गायब हुई थी मासूम, जांच में हुआ खुलासा
मामले की शुरुआत करीब 6 महीने पहले हुई थी, जब मुजफ्फरपुर जिले के कथैया थाना क्षेत्र अंतर्गत हल्दिया मेला देखने गई एक नाबालिग युवती संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने थक-हारकर कथैया थाने में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की गहनता से पड़ताल शुरू की।
विशेष टीम का गठन और पटना में पहली बड़ी छापेमारी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर SDPO (वेस्ट-2) सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। इस टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं का सहारा लेकर लगातार संदिग्ध ठिकानों पर नजर बनाए रखी। इसी क्रम में मिली सटीक जानकारी के आधार पर पुलिस ने पटना में छापेमारी कर गायब हुई नाबालिग युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया और मौके से गिरोह के 4 आरोपियों को धर दबोचा।
कड़ाई से पूछताछ के बाद मुजफ्फरपुर से दूसरी सफलता
पटना से गिरफ्तार किए गए आरोपियों से जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो उनकी निशानदेही पर मुजफ्फरपुर जिले के कच्ची पक्की ओपी थाना क्षेत्र में दूसरी कार्रवाई की गई। यहाँ से पुलिस ने एक और नाबालिग बच्ची को रेस्क्यू किया और देह व्यापार के इस नेटवर्क से जुड़े 3 अन्य आरोपियों को भी रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों पर सख्त कार्रवाई और आगे की रणनीति
मुजफ्फरपुर के SSP कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार सातों आरोपी एक संगठित अंतरजिला गिरोह के सदस्य हैं, जो मासूम बच्चियों और महिलाओं को झांसे में लेकर देह व्यापार के काले साम्राज्य में धकेलते थे। सभी 7 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। साथ ही, गिरोह से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
मुजफ्फरपुर से मणिभूषण की रिपोर्ट