Bihar News : फरियादियों के लिए मसीहा बने मुजफ्फरपुर SSP, कार्यालय से बाहर निकलकर लोगों से सुनी समस्याएं, तुरंत कार्रवाई का दिया भरोसा

Bihar News : अपनी फरियाद लेकर पहुंचे लोगों की बात सुनने के लिए मुजफ्फरपुर एसएसपी खुद कार्यालय से बाहर आ गए. उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनी और उनके निपटारे का आश्वासन दिया....पढ़िए आगे

Bihar News : फरियादियों के लिए मसीहा बने मुजफ्फरपुर SSP, कार

MUZAFFARPUR : भीषण गर्मी और कड़कड़ाती धूप के बीच मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में एक सुखद और सराहनीय नजारा देखने को मिला। जिले के दूर-दराज इलाकों से कई किलोमीटर का सफर तय कर अपनी फरियाद लेकर पहुंचे लोगों को उस वक्त सुखद आश्चर्य हुआ, जब मुजफ्फरपुर के SSP कांतेश कुमार मिश्रा खुद अपने दफ्तर से बाहर निकलकर सीधे जनता के बीच पहुंच गए।

दरअसल, जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से आए आम लोग इस भीषण गर्मी में अपनी-अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लिए एसएसपी से मिलने पहुंचे थे। सभी फरियादी अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। लोगों को उम्मीद थी कि जिले के सबसे बड़े पुलिस अधिकारी तक अपनी बात पहुंचाने से उन्हें न्याय मिलेगा और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो सकेगा।

इसी बीच, अपने एसी कमरे में बैठने के बजाय SSP कांतेश कुमार मिश्रा खुद चलकर उन आम लोगों के पास पहुंचे। उन्होंने वहां खड़े लोगों से आत्मीयता से पूछा कि वे यहां क्यों आए हैं और उनकी क्या-क्या समस्याएं हैं। एसएसपी को खुद अपने सामने खड़े देखकर कुछ पल के लिए फरियादियों को अपनी आंखों पर यकीन ही नहीं हुआ। एसएसपी के इस संवेदनशील व्यवहार को देखकर वहां मौजूद लोगों के चेहरे खिल उठे। इसके बाद एक-एक कर सभी फरियादियों ने अपनी समस्याएं एसएसपी के सामने रखीं। 

कप्तान ने सभी लोगों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश देते हुए लोगों को जल्द से जल्द समस्या समाधान का मजबूत आश्वासन दिया। मुजफ्फरपुर एसएसपी की इस पहल की अब पूरे जिले में जमकर सराहना हो रही है। आम लोगों का कहना है कि अगर हर अधिकारी जनता के प्रति इसी तरह संवेदनशील और जवाबदेह बन जाए, तो आम जनता को न्याय के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और पुलिस प्रशासन पर लोगों का विश्वास और अधिक मजबूत होगा।

मणिभूषण की रिपोर्ट