MLC चुनाव व त्योहारों को लेकर मुजफ्फरपुर SSP की हाई-लेवल बैठक, सुरक्षा और ट्रैफिक का बना मास्टर प्लान!
मुजफ्फरपुर SSP कांतेश कुमार मिश्रा ने MLC चुनाव, नवरात्रि और छठ पर्व की सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारियों संग हाई-लेवल बैठक की। स्टेशन, बस स्टैंड पर विशेष निगरानी और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने के कड़े निर्देश जारी किए।
मुजफ्फरपुर जिले में आगामी तिरहुत स्नातक क्षेत्र एमएलसी (MLC) चुनाव और नवरात्रि, दीपावली व छठ महापर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में जिले के तमाम वरीय और कनिष्ठ पुलिस पदाधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस उच्चस्तरीय बैठक में चुनावी तैयारियों, पर्व-त्योहारों के दौरान सुरक्षा-व्यवस्था और जिले की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विस्तृत रणनीति बनाई गई।
एमएलसी चुनाव को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण संपन्न कराने पर विशेष जोर
बैठक के दौरान एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने इसी माह होने वाले तिरहुत स्नातक क्षेत्र एमएलसी चुनाव को लेकर विशेष पुलिस रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदान प्रक्रिया को भयमुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण में कराने के लिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं। संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने और चुनाव को प्रभावित करने वाले संभावित असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और रेल यात्रियों की सुरक्षा के कड़े इंतजाम
त्योहारों के सीजन में अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में लोग अपने घर लौटते हैं, जिन्हें अक्सर जहरखुरानी और छिनतई गिरोह अपना निशाना बना लेते हैं। इस चुनौती से निपटने के लिए एसएसपी ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख चौराहों पर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का निर्देश दिया है। यात्रियों की यात्रा को सुरक्षित बनाने और उन्हें उनके घरों तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

पूजा के दौरान शहर की ट्रैफिक व्यवस्था रहेगी दुरुस्त, असामाजिक तत्वों पर नजर
दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान शहर में बढ़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने का विशेष खाका तैयार किया गया है। एसएसपी ने ट्रैफिक पुलिस को पूजा पंडालों और प्रमुख मार्गों पर सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सोशल मीडिया और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में अफवाह या उपद्रव फैलाने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।
पेंडिंग केसों के त्वरित निष्पादन का आदेश, काम में लापरवाही पर अधिकारियों को फटकार
समीक्षा बैठक में बीते माह जिले में घटी आपराधिक वारदातों की भी गहन समीक्षा की गई। एसएसपी ने संगीन मामलों का जल्द से जल्द वैज्ञानिक उद्वेदन करने और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। बैठक के दौरान बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों की सराहना की गई, जबकि अपने कर्तव्यों में लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों को सख्त हिदायत और फटकार लगाई गई।
मुजफ्फरपुर से मणिभूषण की रिपोर्ट