Bihar News: आधी रात सड़कों पर उतरे SSP, दो थानों में अचानक पहुंचे, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

Bihar News: जिस वक्त शहर और जिले के अधिकांश लोग गहरी नींद में थे, उसी वक्त एसएसपी अपने काफिले के साथ पुलिसिंग की जमीनी हकीकत परखने निकल गए।...

Muzaffarpur SSP
आधी रात सड़कों पर उतरे SSP- फोटो : reporter

Bihar News: मुजफ्फरपुर में गुरुवार की देर रात उस वक्त पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई, जब जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा अचानक खुद सड़कों पर निकल पड़े। जिस वक्त शहर और जिले के अधिकांश लोग गहरी नींद में थे, उसी वक्त एसएसपी अपने काफिले के साथ पुलिसिंग की जमीनी हकीकत परखने निकल गए। उनके अचानक सड़क पर उतरने से ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों में भी सतर्कता बढ़ गई।

एसएसपी ने अलग-अलग इलाकों का भ्रमण करने के बाद फकुली और ब्रह्मपुरा थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की रात्रिकालीन ड्यूटी व्यवस्था, ओडी पदाधिकारी की मौजूदगी और पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। अचानक हुए इस निरीक्षण से पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया और ड्यूटी व्यवस्था को लेकर चौकसी बढ़ गई।

हालांकि जांच के दौरान दोनों थानों में स्थिति सामान्य पाई गई। ड्यूटी से लेकर अन्य व्यवस्थाओं में कोई बड़ी गड़बड़ी सामने नहीं आई। इसके बावजूद एसएसपी का देर रात खुद सड़कों पर उतरना पुलिस महकमे के लिए साफ संदेश माना जा रहा है कि रात की ड्यूटी में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि गुरुवार की देर रात उन्होंने जिले की सड़कों पर निकलकर पुलिस की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इसके साथ ही फकुली और ब्रह्मपुरा थाने का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान ओडी पदाधिकारी समेत थाने की विभिन्न व्यवस्थाओं की जांच की गई।

एसएसपी की इस अचानक कार्रवाई ने पुलिस महकमे में हलचल जरूर पैदा कर दी, लेकिन निरीक्षण के दौरान व्यवस्था सामान्य मिलने से अधिकारियों ने राहत की सांस ली। माना जा रहा है कि इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी जारी रह सकते हैं, ताकि रात के वक्त पुलिस की मुस्तैदी और कानून-व्यवस्था की निगरानी को और मजबूत किया जा सके।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा