नवरात्रि पर मां चामुंडा के दरबार में पहुंचे मुजफ्फरपुर SSP, बोले- भक्तों को नहीं होनी चाहिए परेशानी, पुलिस की आंखो से बचना होगा मुश्कील

Bihar Police: नवरात्रि में मां दुर्गा के दर्शन के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।...

नवरात्रि पर मां चामुंडा के दरबार में पहुंचे मुजफ्फरपुर SSP,

Bihar Police: नवरात्रि में मां दुर्गा के दर्शन के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी बीच मुजफ्फरपुर के पुलिस कप्तान कांतेश कुमार मिश्रा मां चामुंडा के दरबार पहुंचे और माता का दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने कटरा स्थित प्रसिद्ध मां चामुंडा मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और नवरात्रि के दौरान उमड़ने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि माता के दर्शन के लिए आने वाले किसी भी श्रद्धालु को परेशानी नहीं होनी चाहिए।

सप्तमी से दशमी तक उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब

मुजफ्फरपुर जिले के कटरा में स्थित मां चामुंडा का मंदिर श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर की धार्मिक मान्यताओं के कारण नवरात्रि के दौरान यहां दूर-दराज से भक्त माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। खासकर माता का नेत्र खुलने के बाद सप्तमी, अष्टमी, नवमी और दशमी को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना रहती है।इसी को ध्यान में रखते हुए मुजफ्फरपुर पुलिस अलर्ट मोड में है। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने एसडीपीओ ईस्ट-वन अलय वत्स के साथ मंदिर परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई।

सादे लिबास में भी तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी, QRT रहेगी एक्टिव

निरीक्षण के बाद एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने कहा कि मां चामुंडा का मंदिर जिले के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है। नवरात्रि में यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है कि भक्तों को माता के दर्शन में किसी तरह की कठिनाई का सामना न करना पड़े।उन्होंने बताया कि संभावित भीड़ को देखते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए वर्दीधारी पुलिसकर्मियों के साथ सादे लिबास में भी जवान तैनात रहेंगे। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को सक्रिय रखा जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

अधिकारियों को सख्त निर्देश, शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होगा पर्व

एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने का निर्देश दिया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की मुस्तैदी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

पुलिस प्रशासन का उद्देश्य नवरात्रि के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराना है। प्रशासन ने पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। अब सप्तमी से दशमी तक मंदिर में बढ़ने वाली भीड़ के मद्देनजर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रहेगी।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा