Charas Seized in Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर में राशन की आड़ में चल रहा था मौत का धंधा! STF की बड़ी कार्रवाई

मुजफ्फरपुर के औराई थाना क्षेत्र के मधुबन बेसी गांव में एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने एक किराना दुकान पर छापेमारी कर करीब 4 किलो चरस बरामद की है.अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब ₹50 लाख बताई जा रही है.

muzaffarpur stf raid grocery shop Charas Seized
मुजफ्फरपुर में किराना दुकान से चरस जब्त- फोटो : Reporter

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां राशन की आड़ में चरस बेचने के अवैध धंधे का भंडाफोड़ हुआ है. गुप्त सूचना के आधार पर मुजफ्फरपुर एसटीएफ (STF) और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए एक किराना दुकान पर छापेमारी की. इस दौरान दुकान के भीतर से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया गया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकानदार को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया.


राशन के साथ मुन्नू कुमार बेच रहा था मौत का सामान

यह पूरा मामला मुजफ्फरपुर के औराई थाना क्षेत्र अंतर्गत मधुबन बेसी गांव का है. पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली थी कि गांव का ही एक किराना दुकानदार मुन्नू कुमार अपनी दुकान से राशन के सामान के साथ-साथ अवैध रूप से चरस की सप्लाई भी करता है. सूचना की कड़ियों को जोड़ते हुए जब पुलिस और एसटीएफ की टीम अचानक दुकान में दाखिल हुई और सघन तलाशी ली, तो वहां से चार अलग-अलग पैकेटों में छुपाकर रखी गई करीब 4 किलोग्राम चरस बरामद हुई.


बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत ₹50 लाख

पुलिस सूत्रों के अनुसार, किराना दुकान के अंदर से जब्त की गई इस 4 किलो चरस की खेप की अंतरराष्ट्रीय और घरेलू बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी जा रही है. दुकानदार मुन्नू कुमार इस पूरे सिंडिकेट को गांव के बीच से बेहद शातिर तरीके से चला रहा था ताकि किसी को शक न हो. पुलिस ने नशीले पदार्थ की इस बड़ी खेप को तत्काल प्रभाव से जब्त कर लिया है और आरोपी दुकानदार को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.


ग्रामीण एसपी का बयान, धंधे के बैकवर्ड लिंकेज की जांच शुरू

मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए मुजफ्फरपुर के ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के कड़े निर्देश पर यह सफल छापेमारी की गई है. गिरफ्तार धंधेबाज मुन्नू कुमार से पुलिस लाइंस में गहन पूछताछ की गई है, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है. पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि मुन्नू कुमार को चरस की यह बड़ी खेप कहां से सप्लाई की जा रही थी और इस नेटवर्क में कौन-कौन से बड़े तस्कर शामिल हैं.

रिपोर्ट-  मणिभूषण